स्वतंत्रता दिवस 2019: गांधी मैदान में सीएम ने किया झंडोत्‍तोलन, बोले- बिहार में तेजी से हाे रहा विकास

Praveen Upadhayay's picture

 RGA न्यूज़ बिहार पटना

independence day 2019 सीएम आवास पर नीतीश कुमार ने किया झंडोत्‍तोलन किया। इसके बाद वे गांधी मैदान पहुंचे। उन्‍होंने शहीदों को याद किया तथा बिहार के विकास की बात कही। ...

पटना:- 73वें स्‍वतंत्रता दिवस के रंग में पूरा बिहार रंग गया है। पटना से लेकर तमाम जिलों में राष्‍ट्रीय पर्व की खुशियों में लोग डूब गए हैं। इस मौके पर सीएम नीतीश कुमार ने राजधानी के एक अणे मार्ग स्थित मुख्‍यमंत्री आवास में झंडोत्‍तोलन किया और तिरंगे को सलामी दी। इस मौके पर काफी संख्‍या में स्कूली छात्राएं मौजूद रहीं। वहीं मुख्‍य समारोह गांधी मैदान में हो रहा है। गांधी मैदान में भी सीएम नीतीश कुमार ने झंडोत्‍तोलन किया।   

पटना के गांधी मैदान में झंडोत्‍तोलन के पहले सीएम नीतीश ने परेड का निरीक्षण किया। मौके पर आसमान में उड़ा रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाए गए। परेड की कमान 2016 बैच के आईपीएस व पटना सदर एएसपी किरण कुमार गोरख जाधव के जिम्मे है। इसके बाद उन्‍हाेंने राष्‍ट्रीय ध्‍वज फहराया और सलामी दी। 

उधर, स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मैदान एवं इसके बाहर सुरक्षा की सख्त व्यवस्था की गई थी। आसपास की सभी ऊंची इमारतों पर सुरक्षाकर्मी तैनात थे। दूरबीन से चारों ओर नजर रखे हुए थे। मैदान को पूर्णरूप से सील कर दिया गया था। बाहर एवं अंदर पेट्रोलिंग की जा रही थी। दर्शकों के बैठने की इस बार विशेष व्यवस्था की गयी थी। बांस की जाली पर कुशन रखकर इसे गद्देदार बनाया गया था। गांधी मैदान के गेट एवं अंदर इस बार दंडाधिकारी नहीं 63 समन्वयक तैनात किए गए थे। परेड टुकड़ी के पीछे स्ट्रेचर के साथ वॉलेंटियर व डॉक्टर भी तैनात थे। गांधी मैदान के चारों ओर कहीं भी कोई वाहन पार्क नहीं करने दिया गया था।

गांधी मैदान की निगरानी सीसीटीवी कैमरे से भी की गयी। गेट पर वीडियोग्राफी की जा रही थी। सभी गेटों पर दंडाधिकारी के बदले समन्वयक और पुलिस अधिकारी बड़ी संख्या में महिला और पुरुष जवानों के साथ तैनात थे। इसके पहले स्‍वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्‍या पर सीएम नीतीश कुमार ने देश की आजादी के लिए कुर्बानी देने वाले वीर सपूतों का स्मरण किया और कहा कि उनकी शहादत ने ही हम सबको आजादी का तोहफा दिया है।

मुख्यमंत्री ने सभी स्वतंत्रता सेनानियों को भी याद किया और देश-प्रदेश वासियों से भाईचारा, मेलजोल, सद्भाव एवं सहिष्णुता का वातावरण बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने देश की आजादी को बरकरार रखने के लिए इसे जरूरी बताया और लोगों से देश की तरक्की के लिए संकल्प लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने सबको बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के दिन हमें अपनी एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा देश की प्रगति, समृद्धि एवं विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए। देश का नाम दुनिया में रोशन करने के लिए यह जरूरी है। 

News Category: 
Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.