![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
RGA न्यूज़ बिहार पटना
बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में सरेंडर कर दिया। उन्हें शनिवार को बिहार लाया जाएगा। इस बीच उनके सरेंडर पर बिहार में सियासत तेज है।...
पटना:- बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। उन्हें शनिवार को बिहार लाया जाएगा। लेकिन उनके सरेंडर पर बिहार में सियासत तेज है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सत्ता पक्ष से लेकर बिहार पुलिस पर हमलावर बना हुआ है, वहीं जदयू और भाजपा दामन बचाते हुए पुलिस की पीठ ठोक रहे हैं।
राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने मोकामा के निर्दलीय विधायक अनंत सिंह के सरेंडर पर बिहार पुलिस की नाकामयाबी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस ने भद पिटवा दी। अनंत सिंह ने जैसा चाहा, वैसा किया। उन्होंन कहा कि बिहार पुलिस ढूंढ़ती रह गई और अनंत सिंह वीडियो पर वीडियो जारी करते। साथ ही अपने कहे के अनुसार कोर्ट में सरेंडर भी किया।
उधर जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने इस मामले में बिहार पुलिस की सराहना की। कहा कि यह बिहार पुलिस का दबाव ही है, जिसके कारण अनंत सिंह को सरेंडर करना पड़ा। पुलिस ने अनंत सिंह के मामले में बेहतर काम किया है। वहीं भाजपा के प्रेमरंजन पटेल ने भी बिहार पुलिस की पीठ ठोकी और कहा कि पुलिस ने काफी अच्छा काम किया है। पुलिस के प्रेशर की वजह से ही अनंत सिंह को कोर्ट में आत्मसमर्पण करना पड़ा है।
बता दें कि मोकामा विधायक अनंत सिंह शुक्रवार की दोपहर में दिल्ली के साकेत कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। कोर्ट ने सफदरगंज अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद दिल्ली पुलिस की कस्टडी में भेज दिया है। साथ ही दिल्ली पुलिस को अपनी सुरक्षा में बिहार के बाढ़ कोर्ट में पेश करने के लिए कहा है। गौरतलब है कि पटना पुलिस अनंत सिंह को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी बीच अनंत सिंह ने लगातार तीन वीडियो जारी कर कहा कि वे पुलिस नहीं, कोर्ट के समक्ष सरेंडर करेंगे। इसके बाद शुक्रवार को उन्होंने साकेत कोर्ट में सरेंडर किया और अपना पता ग्रेटर कैलाश 2 दिखाया।