
RGA न्यूज़ उत्तराखंड हल्द्वानी
ब्लॉक प्रमुख हल्द्वानी की सीट पर इस बार सामान्य वर्ग का कब्जा नहीं होगा। पंचायत आरक्षण सूची के मुताबिक यह सीट अनुसूचित जाति की महिला के नाम पर आरक्षित है। ...
हल्द्वानी- : ब्लॉक प्रमुख हल्द्वानी की सीट पर इस बार सामान्य वर्ग का कब्जा नहीं होगा। पंचायत आरक्षण सूची के मुताबिक यह सीट अनुसूचित जाति की महिला के नाम पर आरक्षित है। 57 साल के इतिहास में यह पहली बार होगा कि किसी एससी महिला को ब्लॉक प्रमुख बनने का मौका मिलेगा। वहीं, सीट के रिजर्व होने पर भाजपा-कांग्रेस दोनों राजनीतिक दलों के उन दिग्गजों के सपने और प्लानिंग भी धड़ाम हो गई है जो प्रमुख की सीट पर खुद या अपने समर्थक के लिए लाबिंग में जुटे थे।
हल्द्वानी के ब्लॉक कार्यालय में 1962 से अब तक प्रमुख की सीट पर रहे प्रतिनिधियों की सूची चस्पा है। इसके मुताबिक पहले प्रमुख सोबन सिंह दरम्वाल रहे। जबकि निवर्तमान आनंद सिंह दरम्वाल है। अब तक 11 लोग प्रमुख बन चुके हैं। कुमाऊं का प्रवेशद्वार होने की वजह से हल्द्वानी में पंचायत चुनाव खासकर प्रमुख की सीट को लेकर राजनीति काफी तेज होती है। ग्रामीण क्षेत्र के कई दिग्गज लंबे समय से तैयारी में जुटे थे। लेकिन महिला एससी सीट होने की वजह से सभी के समीकरण बिगड़ गए। दोनों दलों को अब नए सिरे से रणनीति तैयार करनी होगी।
दरम्वाल 12 साल रहे काबिज
हल्द्वानी के पहले और सबसे ज्यादा समय तक प्रमुख बनने का रिकॉर्ड सोबन सिंह दरम्वाल के नाम पर है। 12 साल तक वह इस सीट पर काबिज रहे। जबकि लाखन निगल्टिया सबसे कम पांच माह तक ब्लॉक प्रमुख के पद पर रहे।
रामपुर रोड की महिला पर दांव की तैयारी
महिला आरक्षित होने की वजह से एक प्रमुख दल रामपुर रोड की एक महिला को बीडीसी पद पर उठाकर प्रमुख की तैयारी करवा सकता है। पंचायत चुनाव के एक दिग्गज इसे लेकर पूरी रणनीति बना रहे हैं।
कांग्रेस का कब्जा ज्यादा
हल्द्वानी में प्रमुख की सीट को लेकर अब तक कांग्रेस का पलड़ा भाजपा के मुकाबले भारी रहा है। हालांकि निवर्तमान प्रमुख आनंद सिंह दरम्वाल भाजपा से थे। सत्ता में होने की वजह से पार्टी हर हाल में सीट अपने बरकरार रखना चाहती है। जबकि कांग्रेस इस सीट को पाने के लिए पूरी तैयारी में जुटी है।
ब्लॉक प्रमुख कार्यकाल
सोबन सिंह दरम्वाल जुलाई 62 से नवंबर 74
बाला दत्त सुयाल
लाल सिंह क्वीरा
राजेंद्र बिष्ट अक्टूबर 88 से जनवरी 96
सरिता बिष्ट नवंबर 96 से मार्च 2002
गोपाल सिंह नेगी मई 2003 से जुलाई 2008
शांति भट्ट अक्टूबर 08 से नवंबर 2011
लाखन निगल्टिया दिसंबर 11 से अपैल 2012
संध्या डालाकोटी मई 2012 से अक्टूबर 2013
भोला दत्त भट्ट अगस्त 2014 से दिसंबर 2018
आनंद सिंह दरम्वाल जनवरी 2019 से निवर्तमान