![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
RGA न्यूज़ हरिद्वार रुड़की
रुड़की शिक्षानगरी में गणेश चतुर्थी महोत्सव की जोर-शोर से तैयारियां की...
रुड़की: शिक्षानगरी में गणेश चतुर्थी महोत्सव की जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। भगवान गणपति की प्रतिमा स्थापित करने के लिए समितियों की ओर से जगह-जगह भव्य पांडाल सजाए जा रहे हैं। वहीं गणेशोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
शहर और आसपास के क्षेत्रों में दो सितंबर से गणेश चतुर्थी महोत्सव की धूम मचने वाली है। शहर में ही आधा दर्जन से अधिक समितियों की ओर से गणेश चतुर्थी महोत्सव मनाया जाता है। कोई समिति तीन दिन, कुछ समितियां पांच दिन तो कोई सात दिन भगवान गजानन को विराजमान करती हैं। क्योंकि अब गणेशोत्सव प्रारंभ होने को तीन दिन ही शेष रह गए हैं। ऐसे में गणेश महोत्सव मनाने वाली समितियों ने जोर-शोर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। गणपति को स्थापित करने के लिए आकर्षक पांडाल तैयार करना प्रारंभ कर दिया गया है। शहर में नगर निगम कॉम्प्लेक्स, सिविल लाइंस समेत विभिन्न स्थानों पर भगवान गणेश को विराजमान किया जाता है। इसके अलावा विघ्नहर्ता भगवान गणेश के भक्त भी उन्हें घर-घर में भी विराजमान करते हैं। श्री ऊं सेवा मंडल की ओर से आठ दिवसीय गणेशोत्सव का आगाज दो सितंबर से किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष नीरज ठाकुर ने बताया कि गणेशोत्सव के लिए नगर निगम कॉम्प्लेक्स में गणपति का भव्य पांडाल सजाया जा रहा है। इस वर्ष गणपति की 11 फुट ऊंची प्रतिमा पांडाल में स्थापित की जाएगी। सुबह व शाम विशेष आरती होगी। इसके अलावा भजन संध्या, मनमोहक झांकियां, धार्मिक नृत्य, देशभक्ति पर आधारित प्रतियोगिताएं आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।