उत्तराखंड में भाजपा को 15 दिसंबर तक मिल जाएगा नया प्रदेश अध्यक्ष: राधामोहन सिंह

Praveen Upadhayay's picture

RGA न्यूज़ उत्तराखंड देहरादून

भाजपा राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में 11 सितंबर से संगठन की चुनाव प्रक्रिया आरंभ होगी। 15 दिसंबर नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा।...

देहरादून:- भाजपा राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में 11 सितंबर से संगठन की चुनाव प्रक्रिया आरंभ होगी। इससे पहले दो और तीन सितंबर को प्रत्येक जिले में संगठनात्मक चुनाव कार्यशाला आयोजित की जाएंगी। 

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक चुनाव कार्यशाला को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए राधामोहन सिंह ने कहा कि वर्तमान में देश में भाजपा की सदस्य संख्या बढ़कर 14 करोड़ से ज्यादा हो गई है। पार्टी में चार करोड़ नए सदस्य जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि 11 से 30 सितंबर तक बूथ अध्यक्ष व समिति सदस्यों का चुनाव होगा। 

11 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक मंडल अध्यक्ष और मंडल समिति का चुनाव होगा। इसके बाद 11 से 30 नवंबर तक जिलाध्यक्ष व प्रदेश परिषद का चुनाव किया जाएगा, जबकि एक दिसंबर से 15 दिसंबर तक प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय परिषद का चुनाव कर लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिलाध्यक्षों का चुनाव प्रदेश में एक ही तिथि को किया जाना है। हर चुनाव के बीच में 10 दिन का अंतराल शिकायत निवारण व अगले चुनाव की तैयारी के लिए है। उन्होंने सभी चुनाव सर्व सहमति से कराने पर जोर दिया। 

भाजपा राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी राधामोहन सिंह ने कहा कि भाजपा देश में एकमात्र पार्टी है, जिसमें बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक चुनाव होते हैं। यहां परिवारवाद व व्यक्तिवाद नहीं है। चुनाव आयोग के साथ पंजीकृत अन्य 1700 दलों में केवल कागजों पर ही चुनाव होते हैं।

उन्होंने कहा कि हम सबका आदर्श व लक्ष्य एक है। यही कारण है कि भाजपा का कभी विभाजन नहीं हुआ, जबकि विभिन्न पार्टियों में कई विभाजन हो चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा ने अनुच्छेद 370 व 35 ए हटाने का जो ऐतिहासिक कार्य किया, उससे आम जनता में भारी उत्साह है। इस विषय को पूरी स्पष्टता से जनता के बीच लाने के लिए एक से 30 सितंबर तक पार्टी पूरे देश में अभियान चलाएगी। 

इससे पूर्व प्रदेश चुनाव अधिकारी बलवंत सिंह भौर्याल ने चुनाव की तैयारियों का ब्योरा दिया और कहा कि उत्तराखंड में पार्टी ने 11 लाख नए सदस्य बनाए हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला व संचालन महामंत्री खजानदास ने किया।

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.