![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
RGA न्यूज़ उत्तर प्रदेश गोरखपुर
सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब तीन सौ लोगों की समस्याओं खुद सुना और निस्तारण का आश्वासन दिया। ...
गोरखपुर:- दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को गोरखपुर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार की सुबह करीब सवा घंटा फरियादियों के बीच गुजारा। गोरखनाथ मन्दिर के हिन्दू सेवाश्रम में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब तीन सौ लोगों की समस्याओं खुद सुना और निस्तारण का आश्वासन दिया।
अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
कई फरियादियों ने जब समस्या समाधान के प्रति लापरवाही को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों की शिकायत की तो मुख्यमंत्री ने उन्हें चिह्नित कर दंडित करने का आश्वासन दिया। करीब 200 फरियादियों की समस्यों को मुख्यमंत्री के जनता दर्शन से जाने के बाद अधिकारियों ने सुनीं। इसके लिए मुख्यमंत्री ने खास तौर से निर्देशित किया था।
गोरखनाथ मंदिर का किया भ्रमण
इससे पहले शनिवार की सुबह मुख्यमंत्री की दिनचर्या परम्परागत रही। आवास से निकलने का बाद उन्होंने बारी-बारी से गुरु गोरक्षनाथ नाथ और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ का पूरे विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। उसके बाद मन्दिर परिसर का भ्रमण कर उन्होंने व्यवस्था से जुड़े कई जरूरी निर्देश दिए। गोशाला में गायों के बीच कुछ समय गुजारने के बाद वह जनता दर्शन के लिए हिन्दू सेवाश्रम पहुंचे, जहां तड़के से ही गोरखपुर और आसपास के ज़िलों के लोग अपनी फरियाद कहने के लिए पहुंचे हुए थे।
अधिकारियों ने भी सुनीं समस्याएं
फरियादियों की उम्मीदों का मान रखते हुए योगी सबके पास खुद गए और समस्या सुन शिकायती और मांग पत्र लिया। यह सिलसिला सवा सात से सवा आठ बजे तक चला। उसके बाद उन्होंने यह जिम्मेदारी जिलाधिकारी के विजयेंद्र पांडियन और मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय के प्रभारी मोती लाल सिंह को सौंप दी। जनता दर्शन के बाद जब मुख्यमंत्री अपने आवास पर आए तो वहां भी उन्हें करीब 50 लोग अपना मांगपत्र लेकर खड़े दिखे। योगी ने उन्हें भी निराश नहीं किया और सबकी समस्या सुनीं। कुल मिला कर यह सिलसिला साढ़े आठ बजे तक चला। इस दौरान जिले के आला अफसर और मन्दिर प्रबन्धन के लोग पूरी मुस्तैदी से जमे रहे।