![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
RGA न्यूज़ उत्तर प्रदेश आगरा
ताजनगरी में पांच स्थानों पर तैयार कराए जा रहे हैं टूरिस्ट हट। 14 भाषाओं में दी जाएगी जानकारी।...
आगरा:-कोरियन, रसियन हो या बांग्ला, मराठी, आपकी बात अगर कोई नहीं समझ पा रहा है तो टूरिस्ट हट पर पहुंच जाएं। यहां आपकी भाषा में ही आपसे बात होगी। पांच स्थलों पर तैयार कराए जा रहे टूरिस्ट हट में 14 भाषाओं के इंटरप्रिटेटर मदद करेंगे।
आगरा में देश दुनिया के पर्यटक आते हैं। उनकी अपनी बोली-भाषा होती है। देश के विभिन्न राज्यों की भाषा को लोग समझ नहीं पाते। यही दिक्कत विदेशी पर्यटकों के सामने आ जाती है। पर्यटकों की इस समस्या के समाधान के लिए ताजमहल, आगरा किला, मेहताब बाग, फतेहपुर सीकरी और आगरा कैंट स्टेशन पर टूरिस्ट हट बनाई जा रही हैं। वातानुकूलित हट में पर्यटकों के बैठने की सुविधा भी रहेगी। कंप्यूटर व प्रिंटर सिस्टम भी लगा होगा।
ऐसे कार्य करेगी हट
टूरिस्ट हट पर पर्यटन पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। इन्हें पर्यटकों से सही व्यवहार करने का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। अगर किसी की भाषा पर्यटन पुलिस के जवान नहीं समझ पाएंगे तो वे सूचीबद्ध इंटरप्रिटेटर से पर्यटक की बात करा देंगे। और तब भाषा की दिक्कत खत्म हो जाएगी।
इन भाषाओं में मिलेगी सूचना
14 भाषाओं के इंटरप्रिटेटर हट से सम्बद्ध रहेंगे। यहां पर्यटकों को हिंदी, अंग्रेजी, फ्रेंच, स्पेनिश, अरेबिक, जापानी, कोरियन, रशियन, टर्किश, चीनी, जर्मन, तमिल, बांग्ला और मराठी भाषा में जानकारी दी जाएगी।
फतेहपुर सीकरी में गुलिस्तां कांप्लेक्स में बनेगी हट
फतेहपुर सीकरी स्थित गुलिस्तां कांप्लेक्स में पार्किंग है। पर्यटक यहीं से स्मारक तक एडीए द्वारा संचालित बस से जाते हैं। आगरा किला पर पुलिस बूथ को हट में तब्दील किया जा रहा है। आगरा कैंट पर 24 घंटे आवागमन रहता है। यहां जीआरपी को हट की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
बारिश बंंद होते ही होगा काम पूरा
ताज सुरक्षा के सीओ मोहसिन खान ने बताया पथकर निधि से बनाए जा रहे हट निर्माण में बारिश के चलते रुकावट आ गई है। बारिश खत्म होते ही टूरिस्ट हट को पूर्ण कराया जाएगा।