कासगंज स्टेशन पर खाने में मिली छिपकली, एक दर्जन रेल यात्री पड़े बीमार

Raj Bahadur's picture

RGANEWS

 मथुरा से धार्मिक यात्रा कर पीलीभीत लौटते यात्री रविवार रात रेलवे स्टेशन पर फूड प्वाइजनिंग के शिकार हो गये। कासगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन के बाहर दुकान से लाई गयी पूड़ी सब्जी खाते ही एक दर्जन यात्रियों की हालत बिगड़ गई। घटना का पता चलते ही जीआरपी ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

यात्रियों के मुताबिक सब्जी में छिपकली निकली थी। घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकानों पर छापेमारी करते हुए दो दुकानों से सब्जियों के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे हैं। रेलवे रोड स्थित दुकान का स्वामी सेंपलिंग की कार्रवाई के बाद फरार हो गया।

घटनाक्रम के मुताबिक पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र के एक दर्जन यात्री मथुरा से धार्मिक यात्रा करके लौट रहे थे। मथुरा से रात को साढ़े ग्यारह बजे की ट्रेन से वे स्टेशन पर उतरे थे। सभी को दूसरी ट्रेन से सुबह पांच बजे बरेली के लिए जाना था।  रात को यात्रियों ने स्टेशन के बाहर दुकानों से पूड़ी और छोले की सब्जी लाकर खाई थी। खाना खाने के कुछ देर बाद ही यात्रियों हालत बिगड़ने लगी। एक के बाद एक सभी उल्टियां करने लगे। यात्रियों की हालत बिगड़ने की सूचना मिलते ही जीआरपी प्रभारी अनुराग यादव ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर बीमार यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

सूचना पाकर सीएमओ प्रतिमा श्रीवास्तव, एडीएम योगेंद्र कुमार समेत आला अफसर अस्पताल पहुंच गये। यात्रियों के इलाज की जानकारी ली। सुबह होते ही मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र द्विवेदी ने दुकानों पर छापा मार कार्रवाई की। इस दौरान दुकानदार सोनू कश्यप की दुकान से नमूने लिये। इसके अलावा पास ही सत्यप्रकाश एवं महेंद्र पाल की दुकान से सब्जी के नमूने लिये हैं। इस मामले में कोतवाली प्रभारी डीके दुबे ने कहा कि पीड़ित यात्रियों की ओर से प्रदीप वर्मा ने अज्ञात दुकानदार के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है। 

यह यात्री पड़े बीमार
बुद्धो देवी, संतराम, आदित्य वर्मा, अंजली वर्मा, मनोरमा वर्मा, सुदीप वर्मा, प्रियंका वर्मा, मोनिका, ज्योति वर्मा, नेहा वर्मा, सुशील वर्मा, नति वर्मा शामिल हैं। अब सभी की हालत में सुधार है । सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।  

रेलवे स्टेशन के बाहर से खाना खाने के बाद फूड प्वाइजनिंग से पीड़ित यात्रियों का अस्पताल में बेहतर इलाज उपलब्ध कराया गया। सेहत ठीक होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जिस दुकान से सब्जी खरीदी गई, उस दुकान की सब्जी के नमूने लिये गये हैं। जांच कराई जा रही है। जांच के बाद दोषी पर कार्यवाही की जाएगी। - योगेंद्र कुमार, एडीएम

Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.