![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
RGA न्यूज़ उत्तर प्रदेश लखनऊ
11 सीट पर होने वाले उप चुनाव में भाजपा ने प्रतापगढ़ से प्रत्याशी नहीं घोषित किया है। माना जा रहा है कि प्रतापगढ़ सीट भाजपा ने अपने सहयोगी दल अपना दल (एस) के लिए छोड़ी है।...
लखनऊ:-भारतीय जनता पार्टी ने नवरात्रि के पहले दिन उत्तर प्रदेश विधानसभा उप चुनाव के लिए अपने दस प्रत्याशियों का नाम तय कर दिया है। 11 सीट पर होने वाले उप चुनाव में भाजपा ने प्रतापगढ़ से प्रत्याशी नहीं घोषित किया है। माना जा रहा है कि प्रतापगढ़ सीट भाजपा ने अपने सहयोगी दल अपना दल (एस) के लिए छोड़ी है। भाजपा के सभी उम्मीदवारों का नामांकन सोमवार को होगा। 21 अक्टूबर को वोटिंग होगी और 24 अक्टूबर को परिणाम सामने आ जायेंगे।
भाजपा ने लखनऊ की लखनऊ कैंट सीट से अनुभवी सुरेश तिवारी को प्रत्याशी बनाया है। अम्बेडकरनगर के जलालपुर से राजेश सिंह, कानपुर के गोविंनगर से सुरेंद्र मैथानी, मऊ के घोसी (सुरक्षित) विधानसभा से विजय राजभर, बाराबंकी के जैदपुर (सुरक्षित) से अम्बरीश रावत, बांदा के मानिकपुर से आनंद शुक्ला, अलीगढ़ की इगलास (सुरक्षित) से राजकुमार सहयोगी, रामपुर की रामपुर सदर से भारत भूषण गुप्ता तथा सहारनपुर के गंगोह से किरत सिंह को प्रत्याशी बनाया है।
इन सीटों पर 21 अक्टूबर को मतदान होना है। 30 सितंबर नामांकन की आखिरी तारीख है और आज भाजपा ने दस 11 नामों की घोषणा कर दी है
भाजपा को नाम घोषित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। एक-एक सीट पर आधा दर्जन से अधिक बड़े दावेदार थे। टिकट पाने के सभी इच्छुक ने दिल्ली तथा लखनऊ को मथ कर रख दिया था।
आज होगा नामांकन, पहुंचेंगे मंत्री और प्रदेश पदाधिकारी
भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने सरकार के मंत्रियों और प्रदेश पदाधिकारियों को अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में पहुंचकर नामांकन कराने की जिम्मेदारी दी है। इनके अलावा स्थानीय सांसद, विधायक, जिलों के पदाधिकारी भी प्रत्याशियों के साथ नामांकन कराने जाएंगे। लखनऊ कैंट में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन तथा प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर, बाराबंकी के जैदपुर में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा व प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल, सहारनपुर के गंगोह में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, परिवहन मंत्री अशोक कटारिया, धर्म सिंह सैनी और विजयपाल सिंह तोमर, रामपुर में श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, राज्यमंत्री महेश गुप्ता व देवेंद्र सिंह, अलीगढ़ के इगलास में मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायाण, गन्ना मंत्री सुरेश राणा और प्रदेश उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल, कानपुर के गोविंदनगर में मंत्री सतीश महाना, नंद गोपाल गुप्ता नंदी व रामनरेश अग्निहोत्री तथा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय, चित्रकूट के मानिकपुर में जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, कमला रानी वरुण और प्रकाश पाल, अंबेडकरनगर के जलालपुर में केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, कानून मंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यमंत्री गिरीश यादव और भाजपा प्रदेश मंत्री संतोष सिंह, बहराइच के बलहा में मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, जयप्रताप सिंह, रमापति शास्त्री, उपेंद्र तिवारी व प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता, प्रतापगढ़ में मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह, स्वाती सिंह, रवींद्र जायसवाल एवं प्रदेश मंत्री शंकर गिरी रहेंगे, जबकि मऊ में वन मंत्री दारा सिंह चौहान, अनिल राजभर, सुरेश पासी व प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र शुक्ल को दायित्व सौंपा गया है।
कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रिय हैं मैथानी
सुरेंद्र मैथानी कार्यकर्ताओं में बेहद लोकप्रिय नेता हैं और उनके टिकट मिलने से कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। उत्तराखंड मूल के सुरेंद्र मैथानी का जन्म कानपुर में हुआ और यहीं पर प्रारंभिक शिक्षा हुई। उनके पिता सच्चिदानंद मैथानी सरकारी सेवा में थे और उनके तबादले के समय कुछ वर्षों तक गोरखपुर में वह रहे और यहीं से संघ के स्वयंसेवक बने।
इसके बाद वह कानपुर आकर बस गए और गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र में आवास बनाया। 38 वर्ष से संघ और 25 वर्ष से भाजपा में सक्रिय 54 वर्षीय एडवोकेट सुरेंद्र मैथानी पिछले आठ साल से महानगर और कानपुर उत्तर जिलाध्यक्ष हैं। इससे पहले भी वह कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।