खुद दावेदारों के साक्षात्कार तक ले चुकीं प्रियंका ने यूपी की जिला कमेटियों में भी जमीनी और युवा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने की बात कही है। ...
लखनऊ:-RGA न्यूज़ : उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नई टीम बना चुकीं राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने जिलों के लिए भी ऐसा ही खाका बना रखा है। खुद दावेदारों के साक्षात्कार तक ले चुकीं प्रियंका ने जिला कमेटियों में भी जमीनी और युवा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने की बात कही है। सभी नाम लगभग तय हो चुके हैं और अब एक सप्ताह में घोषणा की उम्मीद है।
कांग्रेस संगठन में सिरे से बदलाव की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी। प्रदेश प्रभारी एवं पार्टी महासचिव प्रियंका वाड्रा ने इस ओर कदम बढ़ाते हुए प्रदेश कमेटी में बड़े बदलाव कर दिए। जमीनी कार्यकर्ता अजय कुमार लल्लू को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के साथ ही टीम में नए चेहरों को स्थान दिया गया है। अब बारी जिला कमेटियों की है। जिलाध्यक्ष और शहर अध्यक्ष बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारियों को जिलों में भेजा गया। प्रियंका ने खुद भी कई दावेदारों का साक्षात्कार लिया। उसी आधार पर नाम लगभग तय किए जा चुके हैं
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया कि जिस तरह से संघर्ष करने वाले और युवा कार्यकर्ताओं को प्रदेश की टीम में रखा गया है, ठीक उसी प्रकार से जिलों की टीम होगी। सभी जिलों में महिला कार्यकर्ता को उपाध्यक्ष बनाने के भी निर्देश हैं। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह में सभी जिला और शहर अध्यक्षों की घोषणा कर दी जाएगी।
सोनिया गांधी से की लल्लू ने मुलाकात
प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद शनिवार को अजय कुमार लल्लू दिल्ली पहुुंचे। वहां उन्होंने पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा से शिष्टाचार भेंट की। उनके साथ राष्ट्रीय सचिव धीरज धीरज गुर्जर, जुबैर खान और सचिन नायक भी थे।