भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट बोले, अनुशासनहीनता पर अब नोटिस नहीं सीधे कार्रवाई

Praveen Upadhayay's picture

RGA न्यूज़ उत्तराखंड हरिद्वार

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने सख्त कदम उठाने का संकेत देते हुए कहा भाजपा अनुशासित पार्टी है। ...

हरिद्वार:- भाजपा विधायकों के लगातार आ रहे बेतुके बयान और वायरल वीडियो से हो रही पार्टी की किरकिरी पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने सख्त कदम उठाने का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अनुशासित पार्टी है। विधायकों के बेतुके बयान और आचरण से पार्टी की किरकिरी सहन नहीं की जाएगी। भविष्य में अब ऐसा होने पर नोटिस, स्पष्टीकरण की बजाय सीधे कार्रवाई की जाएगी।

डामकोठी में पत्रकारों से वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा विधायकों के वायरल हो रहे वीडियो पर कुछ से मौखिक स्पष्टीकरण लिया है कुछ से लिखित जवाब मांगा है। कहा किसी समुदाय विशेष के बारे में किसी प्रकार की और अशोभनीय बात स्वीकार नहीं की जाएगी। हाल ही में रुड़की क्षेत्र के पूर्व विधायक चौधरी यशवीर के अपने बेटे के साथ फायरिंग करने के सवाल के जवाब में उन्होंने चैंपियन का नाम लिए बगैर इशारे में कहा कि ऐसे लोगों को उनसे सबक लेना चाहिए जिन्हें विधायक होते हुए भी पार्टी से बाहर कर दिया। 

सख्त लहजा दिखाते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा भविष्य में यदि ऐसा फिर हुआ तो इस बार बगैर नोटिस और स्पष्टीकरण के सीधे कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा वह जल्द ही सभी विधायकों व जनप्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री की मौजूदगी में बैठक करेंगे। डेंगू को लेकर कहा कि सरकार इसको लेकर गंभीर है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के शनिवार को हरिद्वार में डेंगू को लेकर किए धरना प्रदर्शन पर कहा प्रदेश में स्वास्थ्य सेवा खराब करने के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। वह केवल अब राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं।

अवैध खनन पर कहा कि इस पर हर हाल में लगाम लगाई जाएगी। गंगा और अन्य नदियों का संरक्षण भाजपा पार्टी और सरकार की प्राथमिकता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा पंचायत चुनाव में भाजपा दमदार जीत दर्ज करेगी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष रोहित साहू, महामंत्री विकास तिवारी, मंत्री राजीव भट्ट, संजय चोपड़ा, मीडिया प्रभारी लव शर्मा, संजय सहगल आदि मौजूद रहे।

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.