UP Assembly by Election 2019 : सियासी दलों की प्रतिष्ठा दांव पर, सभी ने लगा दी है अपनी ताकत

Praveen Upadhayay's picture

RGA न्यूज़ उत्तर प्रदेश लखनऊ

उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों पर उप चुनाव के लिए सोमवार को मतदान होना है। इसके लिए सभी दलों ने अपनी ताकत लगाई है।...

लखनऊ:- उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों पर उप चुनाव के लिए सोमवार को मतदान होना है। इसके लिए सभी दलों ने अपनी ताकत लगाई है। इन क्षेत्रों के मतदाता उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे। फागू चौहान के बिहार के राज्यपाल बनने से मऊ जिले की घोसी सीट और बाकी दस विधायकों के सांसद बनने से रिक्त हुई विधानसभा सीटों को जीतने के लिए भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस ने ताकत लगाई है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इन 11 में से नौ सीटें जीती थीं। रामपुर की सीट सपा और जलालपुर बसपा के खाते में गई थी।

भाजपा इस बार भी अपना दल एस के साथ, जबकि सपा अपने सहयोगी रालोद के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। बसपा और कांग्रेस ने अलग-अलग उम्मीदवार उतारे हैं। भाजपा ने अपना दल एस के लिए प्रतापगढ़ सीट छोड़ी है जबकि सपा ने रालोद के लिए अलीगढ़ की इगलास सीट छोड़ी थी, लेकिन उम्मीदवार का नामांकन खारिज हो गया। सपा के सुधाकर सिंह घोसी में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में किस्मत आजमा रहे हैं।

घोसी सीट पर कुल 11 उम्मीदवार हैं जिनमें भाजपा के विजय राजभर, सपा समर्थित सुधाकर सिंह, बसपा के अब्दुल कय्यूम अंसारी प्रमुख हैं। लखनऊ कैंट के 13 उम्मीदवारों में भाजपा के सुरेश तिवारी, सपा के कैप्टन आशीष चतुर्वेदी, कांग्रेस के दिलप्रीत और बसपा के अरुण द्विवेदी जोर-आजमाइश कर रहे हैं। अंबेडकरनगर के जलालपुर में भाजपा से डा. राजेश सिंह, सपा से सुभाष राय, बसपा की डा. छाया वर्मा और कांग्रेस के सुनील मिश्र समेत 13 उम्मीदवार हैं। बहराइच की बलहा में 11 उम्मीदवारों में भाजपा की सरोज सोनकर, सपा की किरन भारती, कांग्रेस की मन्नू देवी और बसपा के रमेश गौतम मुकाबले में हैं। बाराबंकी की जैदपुर सीट पर भाजपा के अंबरीश रावत, कांग्रेस के तनुज पूनिया, सपा के गौरव रावत और बसपा के अखिलेश अंबेडकर अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए जूझ रहे हैं।

प्रतापगढ़ में बसपा से रणजीत पटेल, अपना दल एस से राजकुमार पाल, सपा से बृजेश वर्मा और कांग्रेस से डा. नीरज त्रिपाठी समेत 11 उम्मीदवार जंग लड़ रहे हैं। रामपुर में सपा सांसद आजम खान की सांसद पत्नी डा. तजीन फातमा सपा, भारत भूषण गुप्ता भजपा, अरशद अली खां कांग्रेस और जुबैर मसूद खां बसपा के उम्मीदवार हैं। सहारनपुर की गंगोह विधानसभा सीट पर कुल 11 उम्मीदवारों में भाजपा के चौधरी किरत सिंह, सपा के चौधरी इंद्रसेन, कांग्रेस के नोमान मसूद और बसपा के चौधरी इरशाद आमने-सामने हैं।

कानपुर नगर के गोविंद नगर में नौ प्रत्याशियों में भाजपा से सुरेंद्र मैथानी, कांग्रेस की करिश्मा ठाकुर, सपा के सम्राट विकास और बसपा के देवी प्रसाद तिवारी पर दांव लगा है। चित्रकूट के मानिकपुर में भाजपा से आनन्द शुक्ला, कांग्रेस की रंजना पांडेय, सपा के डा. निर्भय सिंह पटेल और बसपा के राजनारायण उर्फ निराला कोल समेत नौ उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। अलीगढ़ के इगलास में सात उम्मीदवारों में भाजपा के राजकुमार सहयोगी, बसपा से अभय कुमार बंटी, कांग्रेस से उमेश दिवाकर मैदान में हैं।

सुबह सात से शाम छह बजे तक डाले जाएंगे वोट

विधानसभा की 11 सीटों पर उपचुनाव के लिए सोमवार को सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। जिन सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनमें गंगोह (सहारनपुर), रामपुर, इगलास (अलीगढ़), लखनऊ कैंट, गोविंदनगर (कानपुर), मानिकपुर (चित्रकूट), प्रतापगढ़, जैदपुर (बाराबंकी), जलालपुर (अंबेडकरनगर), बलहा (बहराइच), घोसी (मऊ) शामिल हैं। निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार को पोलिंग पार्टियां अपने गंतव्य तक पहुंच गईं।

109 प्रत्याशियों का भाग्य तय करेंगे 41 लाख मतदाता

उपचुनाव के लिए कुल 109 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनकी किस्मत का फैसला इन सीटों के कुल 41,08,328 मतदाता करेंगे जिनमें 22,13,466 पुरुष, 18,94,724 महिला और 138 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव के लिए कुल 4529 पोलिंग बूथ और 2307 मतदान केंद्र बनाए हैं। क्रिटिकल बूथों की निगरानी के लिए 429 बूथों पर वेबकास्टिंग भी कराई जा रही है। मतदान पर नजर रखने के लिए निर्वाचन आयोग ने 11 सामान्य प्रेक्षक और इतने ही व्यय प्रेक्षक तैनात किए हैं। इनके अलावा 337 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 60 जोनल मजिस्ट्रेट, 471 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 520 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किये गए हैं। उपचुनाव में मतदान के लिए 5435 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की कंट्रोल यूनिट, 5435 बैलट यूनिट और 5888 वीवीपैट तैयार किए गए हैं। शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने के लिए पर्याप्त अर्धसैनिक बल तैनात किया गया है। चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए 1142 भारी वाहन, 1263 हल्के वाहन और 21,584 मतदान कार्मिक लगाए गए हैं।

सीट           प्रत्याशी         पोलिंग बूथ      मतदाता

गंगोह             11                426             369317

रामपुर             7                428              390636

इगलास            7                458              374733

लखनऊ कैंट    13               344              385072

गोविंदनगर        9                349              359343

मानिकपुर         9                410               338116

प्रतापगढ़          11               368               336989

जैदपुर              7                445               379827

जलालपुर          13              438               393038

बलहा              11               409               357305

घोसी               11               454               423952

News Category: 
Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.