![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
RGA न्यूज़ अयोध्या फैजाबाद
Deepotsav 2019 शनिवार को सुबह दस बजे से दो बजे तक भगवान श्रीराम के लीला चरित्र से जुड़ी विभिन्न झांकियों समेत भव्य शोभा यात्रा निकलेगी।...
लखनऊ:- भगवान राम की नगरी अयोध्या में शनिवार को दीपोत्सव का तीसरा संस्करण लोकार्पित होगा। दीपोत्सव के अवसर पर शनिवार को आयोजित कार्यक्रमों में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, फिजी गणराज्य की उपसभापति एवं सांसद वीना भटनागर, केंद्र और राज्य सरकार के मंत्री तथा अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहेंगे। शाम सात बजे से साढ़े सात बजे तक सभी घाटों और संपूर्ण अयोध्या में पांच लाख 51 हजार दीपों का प्रज्वलन होगा। इस मौके पर 226 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने अयोध्या दीपोत्सव पर होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। शनिवार को सुबह दस बजे से दो बजे तक भगवान श्रीराम के लीला चरित्र से जुड़ी विभिन्न झांकियों समेत भव्य शोभा यात्रा निकलेगी। यह यात्रा साकेत महाविद्यालय से शुरू होकर रामकथा पार्क में समाप्त होगी। इसमें कई देशों के कलाकार भाग लेंगे। मुख्यमंत्री पौने चार बजे से चार बजे तक शोभा यात्रा का अवलोकन करेंगे। इसके बाद श्री राम-सीता का राम कथा पार्क में हेलीकॉप्टर से प्रतीकात्मक अवतरण एवं भरत मिलाप का कार्यक्रम संपन्न होगा। सवा चार बजे से चार बजकर 40 मिनट तक राम कथा पार्क आगमन पर श्रीराम-जानकी का पूजन-वंदन, आरती और श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक होगा। फिर शाम छह बजे तक परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण और अतिथियों का संबोधन होगा।
इसके बाद साढ़े छह से सात बजे तक नया घाट पर सरयू की आरती और पूजन किया जाएगा। राम की पैड़ी पर चार लाख दीपों का प्रज्वलन कर गिनीज बुक में रिकार्ड दर्ज कराया जाएगा। रात्रि आठ बजे राम की पैड़ी पर राम कथा का प्रदर्शन, सवा आठ बजे तक सरयू पुल से आतिशबाजी और फिर साढ़े आठ बजे से रात्रि दस बजे तक भारत, नेपाल, श्रीलंका, इंडोनेशिया एवं फिलीपींस की रामलीला का मंचन किया जायेगा।
उत्सव की शुरुआत तो सुबह 10 बजे साकेत महाविद्यालय से निकलने वाली झांकियों से होगी पर सांझ ढलने पर पांच लाख 51 हजार दीपों से रामनगरी रोशन होगी। चार लाख दीप अकेले रामकी पैड़ी के घाटों पर जलेंगे। शेष एक लाख 51 हजार दीप नगरी के 11 अन्य चुनिंदा स्थलों पर जलेंगे। दीप प्रज्ज्वलन की शासकीय पहल के अलावा आम नागरिक और साधु-संत भी इसमें भागीदारी करेंगे।
दीपोत्सव का एक अन्य अहम आयाम राम राज्याभिषेक का मंचन भी है। रामकथा पार्क में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान राम के स्वरूप का तिलक कर युगों पूर्व राम राज्याभिषेक की स्मृति जीवंत करेंगे। इससे पूर्व पुष्पक विमान के प्रतीक हेलीकाप्टर से भगवान राम, सीता एवं लक्ष्मण के स्वरूप सरयू तट पर उतरेंगे जिनका अगवानी मुख्यमंत्री करेंगे। तैयारियों से प्रतीत हो रहा है कि रामनगरी में दो दिन दीपावली मनेगी। शनिवार को छोटी दीपावली के दिन यदि दीपोत्सव की भव्यता रोशन होगी, तो दीपावली का मुख्य पर्व पारंपरिक तौर पर दीप प्रज्वलन एवं आतिशबाजी से गुलजार होगा।