
RGA न्यूज़ झारखंड रांची
Jharkhand Assembly Election 2019 रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विश्रामपुर और भवनाथपुर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा कर उनके लिए वोट की अपील की।...
रांची:- Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 13 सीटों पर चुनाव प्रचार तेज हो गया है। रविवार को भाजपा के कई दिग्गज अपने उम्मीदवारों के लिए वोट की अपील करने झारखंड पहुंचे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विश्रामपुर में और गढ़वा के भवनाथपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड के इतिहास में रघुवर दास के रूप में पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने पांच साल सरकार चलाई है। इस राजनीतिक स्थिरता से प्रदेश ने विकास और सुशासन की नई बुलंदियों को छूने में सफलता पाई है।
रमना के जमा दो उच्च विद्यालय के मैदान में भाजपा प्रत्याशी भानु प्रताप शाही के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश को देश की चिंता है, वोट की चिंता नहीं। देश को परम वैभव पर पहुंचाना हमसबों का संकल्प है। राजनाथ सिंह ने उपस्थित लोगों का अभिवादन करते हुए कहा कि मैं आज भानुप्रताप शाही के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करने आया हूं, जो किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। निश्चित तौर पर आप भवनाथपुर में कमल खिलाएंगे, ऐसा मुझे विश्वास है।
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले लोग कहा करते थे कि भाजपा की सीटें बढ़ेंगी, लेकिन बहुमत नहीं आएगा। लेकिन नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सीटें ही नहीं बढ़ी, पूर्ण बहुमत की सरकार भी बनी। केंद्र से लेकर कई राज्यों में भाजपा की सरकार है। उन्होंने कहा कि मैंने कभी झूठ बोलकर वोट नहीं मांगा। लोगों की आंख में आंख डालकर विकास गिनाकर वोट मांगा हूं। 2014 से वर्तमान समय तक केंद्र की सरकार व राज्य के भाजपा सरकार के किसी सांसद, विधायक या मंत्री पर भ्रष्टाचार का दाग नहीं लगा है। मैं यह दावे के साथ कह सकता हूं। राजनाथ ने रघुवर दास सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि पूरे पांच साल झारखंड में भाजपा की सरकार देने वाले रघुवर दास ने उज्ज्वला योजना के तहत सिर्फ गैस कनेक्शन व सिलिंडर ही नहीं दिया, बल्कि चूल्हा और एक मुफ्त रिफिल भी दिया।