झारखंड के चाईबासा में गरजे जेपी नड्डा, बोले- कांग्रेस-झामुमो ने आदिवासियों को लूटा

Praveen Upadhayay's picture

RGA न्यूज़ झारखंड चाईबासा

Jharkhand Assembly Election 2019. भाजपा के कार्यकारी अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने कोल्‍हान के चाईबासा में कांग्रेस और झामुमो पर करारा हमला बोला और कहा कि दोनों ने आदिवासियों को लूटा। ..

चाईबासा:- Jharkhand Assembly Election 2019 वोटरों को साधने पहुंचे भाजपा के कार्यकारी अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने कोल्‍हान के चाईबासा में कांग्रेस और झामुमो पर करारा हमला बोला और कहा कि दोनों ने आदिवासियों को लूटा। झामुमो और कांग्रेस में सिर्फ़ कुर्सी की दोस्ती है। इसे विकास से कोई लेनदेना नहीं है। ये स्वार्थ की राजनीति करते हैं।  जब अलग झारखंड की मांग चल रही थी, उस समय कांग्रेस के लोग यहां की जनता पर गोली चलवा रहे थे। 

कहा कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा आदिवासियों के नाम पर लंबे समय से राजनीति कर रहे हैं। लेकिन जब आदिवासियों के हित की बात आई तो घड़ियाली आंसू बहाने लगे। इन्होंने पिछड़ों को उनका हक नहीं दिया। मोदी जी ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का काम किया है। हमारे देश के सैनिक वन रैंक-वन पेंशन की लंबे समय से मांग कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इस मांग पर कुछ नहीं किया। नरेन्द्र मोदी  ने 22 लाख फौजियों को वन रैंक-वन पेंशन का लाभ दिया और 11 हजार करोड़ रुपये फौजियों के घर पहुंचाए।

डबल इंजन सरकार संवार रही झारखंड को

उन्‍होंने कहा कि झारखंड राज्‍य का सपना अटल बिहारी वाजपेयी ने साकार किया और उसे भाजपा की डबल इंजन की सरकार संवार रही है। झारखंड में आपने भाजपा का साथ देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। लोकसभा में 14 में से 12 सीटें भारतीय जनता पार्टी को और एक हमारे सहयोगी दल को दी। इस लोकसभा चुनाव में 2014 की तुलना में 6 लाख वोट ज्यादा आपने भाजपा को दिए। आपने समर्थन दिया तो पीएम मोदी ने इस छोटे से कार्यकाल में भारत की तस्वीर बदलने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मोदी जी के नेतृत्व में जहां देश आगे बढ़ा, वहीं रघुवर दास के नेतृत्व में प्रदेश आगे बढ़ा। उन्‍होंने कहा कि  5 साल में आपने देखा है कि भ्रष्टाचार मुक्त सरकार, स्थाई सरकार, कोई खरीद फरोख्त नहीं, ऐसी भाजपा की सरकार चली है। झारखण्ड की तकदीर और तस्वीर बदली है। देश में एक माहौल था कि झारखंड  की सरकार तो ऐसी है, कभी चलती है, बदलती है, राष्ट्रपति शासन लगता है... कभी विधायक इधर होते हैं, उधर होते हैं। लेकिन आपने भाजपा की स्थाई सरकार दी। 

ये भी रहे डबल इंजन सरकार के फायदे

उन्‍होंने कहा कि  उज्ज्वला योजना के तहत हमने 8 करोड़ गरीब महिलाओं को मुफ्त गैस का सिलेंडर दिया है। इसमें से 33 लाख झारखंड में दिए हैं। मोदी जी ने 1 सिलेंडर मुफ्त दिया तो रघुवर दास ने अपनी सरकार की तरफ से 1 और सिलेंडर मुफ्त दिया। ये है डबल इंजन सरकार का फायदा। डबल इंजन की सरकार यह होती है  कि जब प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना और मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना दोनों मिल जाते हैं तो प्रधानमंत्री की ओर से 6 हजार रुपए सालाना किसान को मिलता है और रघुवर सरकार पांच एकड़ तक 5-5 हजार प्रति एकड़ जोड़कर देती है-।नड्डा ने कहा कि लंबे समय तक झारखंड में नक्सलवाद फैला था और पिछली सरकारों में उसे संरक्षण मिल रहा था। आज नक्सलवाद जड़ से समाप्त हो रहा है। नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए भाजपा सरकार दृढ़संकल्पित है।  जब कांग्रेस का शासन था तो 13 वें वित्त आयोग में 55,253 करोड़ रुपये राज्य को मिले थे। जब 14वां वित्त आयोग आया तो दिल्ली में मोदी और यहां पर रघुवर  की सरकार थी तो आपको 6 गुना अधिक 3 करोड़ 8 लाख 487 करोड़ रुपये मिले। 

 तलाक कानून और अनुच्‍छेद 370 की चर्चा 

नड्डा ने कहा कि मई महीने में अंगुली से ईवीएम की मशीन में कमल का निशान दबाया था। उसी ताकत का नतीजा है कि हमारे सांसदों ने लोकसभा में बटन को दबाकर अनुच्छेद 370 को धराशायी कर दिया। दुनिया के कई इस्लामिक देशों में तीन तलाक गैरकानूनी है, लेकिन हमारे देश की मुस्लिम महिलाओं पर तीन तलाक की तलवार अभी तक लटक रही थी। अब भाजपा सरकार ने  तीन तलाक की कुप्रथा को समाप्त कर दिया है।

यूएपीए और एनआइए विधेयक में बदलाव 

कहा कि  मोदी सरकार ने अवैध गतिविधियां निषेध अधिनियम UAPA पारित किया। इससे भारत के गृह मंत्रालय को यह ताकत मिल गई कि जो देश विरोधी आतंकी गतिविधि करेगा, उसे देश के अंदर और बाहर भी आतंकवादी घोषित करके उसके विरुद्ध कार्रवाई की जा सकेगी। इसी लोस में NIA विधेयक में परिवर्तन हुआ है। यह परिवर्तन वह है कि यहां कोई भी आतंकवादी गतिविधियां करके दुनिया के किसी भी देश में चला जाएगा, तब भी NIA उन्हें पकड़कर लाएगी। ये मोदी जी ने किया है, कहीं भी आतंकवादी जाएंगे, पकड़कर लाएंगे, हिसाब करेंगे।

News Category: 
Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.