RGA न्यूज़ झारखंड रांची
Jharkhand Assembly Election 2019 रांची के रातू में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि गरीबों किसानों पर जुल्म ढा रही डबल पहिया की सरकार।...
रांची:- कांग्रेस के स्टार प्रचारक ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। रातू किला मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी अजयनाथ शाहदेव का प्रचार करने पहुंचे सिंधिया ने कहा कि बेरोजगारी झेल रहे झारखंड को रघुवर सरकार ने बदहाली के कगार पर पहुंचा दिया है। डबल इंजन की सरकार को डबल पहिया की सरकार का तमगा देते हुए सिंधिया ने कहा कि यहां किसानों की सुध लेने वाला कोई नहीं। कांग्रेस की सरकार बनी तो छत्तीसगढ़ की तरह किसानों को 25 सौ रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने विरासत को भी याद किया और कहा कि हटिया विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी अजय नाथ शाहदेव के परिवार की परंपरा है कि वह राजनीति में नहीं, बल्कि जनसेवा की परंपरा पर ख्याल रखते हैं।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह लड़ाई कुर्सी के लिए नहीं, बल्कि लोगों के दिलों में जगह बनाने के लिए है। छोटानागपुर के युवराज गोपाल शरण नाथ शाहदेव कांग्रेस के विधायक थे। उन पर सिर्फ जनसेवा का ही रंग चढ़ा हुआ था। आज भी उन्हें क्षेत्र की जनता सम्मान से याद करती है। एक बार फिर इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अजयनाथ शाहदेव क्षेत्र के विकास के लिए आपके बीच में आए हैं। उन्होंने रघुवर सरकार पर आरोप लगाया कि हर तरफ सरकार ग्रामीणों का शोषण कर रही है और विकास के नाम पर विनाश हो रहा है। इससे पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि वे अंतिम समय तक क्षेत्र के विकास के लिए लड़ते रहेंगे।