RGA न्यूज़ आगरा
पांच राजस्व ग्राम पूरे शामिल किए जाएं। 31 अन्य का भी प्रस्ताव दिया।...
आगरा:- सोनू शर्मा, नगर निगम की सीमा विस्तार का प्रस्ताव एडीए ने शासन को भेज दिया है। सीमा विस्तार के प्रस्ताव को सशर्त मंजूर किया गया है। निगम प्रशासन ने दस गांव, जबकि एडीए अफसरों ने 41 गांवों को शामिल की रिपोर्ट भेजी है जिसमें दस गांव नगर निगम और 31 गांव एडीए के हैं। एडीए के गांव भी निगम में आने से लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
तीस नवंबर को नगर निगम सदन ने दस गांवों को निगम में शामिल करने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। पिछले सप्ताह अनुसचिव, आवास एवं शहरी नियोजन एके सिंह ने एडीए उपाध्यक्ष से सीमा विस्तार को लेकर राय मांगी थी। निगम के प्रस्ताव के तहत सीमा विस्तार में पांच गांव कहरई, चमरौली, तोरा, कलाल खेरिया, बाबरपुर को पूरा और लखनपुर, मुहम्मदपुर, दहतोरा, नगला अलबतिया, सुनारी का आंशिक भाग शामिल है। आंशिक भाग को लेकर एडीए अफसरों ने विरोध किया। इससे एक ही गांव में दो तरीके की प्रणाली लागू होगी। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। एडीए अफसरों ने पांच राजस्व गांवों को पूरा लेने, जबकि 31 अन्य गांवों को शामिल करने के लिए कहा है। 31 गांव एडीए की सीमा में आते हैं। यह सभी गांव नगर निगम की सीमा से सटे हुए हैं। इन गांवों में कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं लेकिन यह निगम की सीमा में नहीं आती हैं। ऐसे में इन्हें शामिल नहीं किया जा सकता है। इस तरह से एडीए ने कुल 41 गांवों को शामिल करने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।
एडीए ने इन 31 गांवों की दी सूची
पनवारी, कलवारी, मगटई, चौहटना, जऊपुरा, सदरवन, लड़ामदा, बिचपुरी, पथौली, देवरैठा, बमरौली अहीर, नैनाना जाट, रोहता, पंचगाईखेड़ा, सेमरी, कौलक्खा, नगलाकली, बगदा, बरौली अहीर, रजरई, नौबरी, अकबरपुर, बुढ़ेरा, बसई नौपुरा, लकावली, मयांपुर, महुआखेड़ा, कुआंखेड़ा, बाईंपुर मुस्तकिल, उजरई, कुबेरपुर।
बदल जाएगा वोटों का गणित
एडीए ने जिस तरीके से 41 गांवों की संस्तुति शासन को भेजी है। इससे वोटों का गणित बदल जाएगा। क्योंकि सपा सरकार में चालीस वहीं गांव है। जिनके प्रस्ताव को रद किया गया है। एडीए में यह सभी गांव आते हैं।
एडीए को फायदा
41 गांव नगर निगम में शामिल होते हैं तो इससे एडीए को फायदा होगा। नगर निगम का सीमा विस्तार 37 साल के बाद हो रहा है। नए गांव आने से एडीए का राजस्व बढ़ेगा
शासन ने एडीए अफसरों से मांगी थी रिपोर्ट
एडीए ने पांच राजस्व ग्रामों को पूरा लेने और 31 अन्य गांवों को सीमा विस्तार में शामिल करने की रिपोर्ट शासन को भेज दी है। इस तरह से कुल 41 गांव सीमा विस्तार में शामिल हैं।
एनजी रवि कुमार, कार्यवाहक उपाध्यक्ष एडीए