महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए चलेगा अभियान

Raj Bahadur's picture

RGANews

समस्तीपुर-  हिस्सेदारी के साथ ही सामाजिक, शैक्षणिक व आर्थिक रूप से महिलाओं को सशक्त करने के लिए महिला कांग्रेस सघन अभियान चलाएगी। यह जानकारी महिला कांग्रेस की बिहार की प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव शारदा राठौर ने दी। वे मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में महिलाओं के कार्यशाला के बाद पत्रकारों से बात कर रही थीं।

उन्होंने बताया कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए महिला कांग्रेस की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। प्रथम चरण में इसके तहत घर में बेकार पड़ी सामग्री से उपयोगी सामान बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बिहार में महिला कांग्रेस को प्रखंड और बूथ स्तर पर मजबूत बनाने के लिए भी अभियान शुरू किया गया है। इसके लिए सभी जिलों में प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर की महिला कांग्रेस के नेत्रियों का दौरा होगा।

उन्होंने बताया कि महिलाओं के सशक्तीकरण और उत्थान के लिए जहां पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को समर्पित मैं साहस हूं कार्यक्रम शुरू किया गया है वहीं युवतियों के विकास के लिए भी युवती कांग्रेस खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सत्ता में भागीदारी दिलाने के लिए महिलाओं को सशक्त किया जा रहा है। ताकि वे लोकसभा और विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी ठोक सकें।

उन्होंने देश में महिलाओं व लड़कियों पर बढ़ते हिंसा व अत्याचार के लिए केन्द्र की मोदी सरकार की कड़ी आलोचना की और कहा कि इसके खिलाफ महिला कांग्रेस जुझारू आंदोलन शुरू करेगी। संवाददाता सम्मेलन में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष व विधायक अमिता भूषण, विधान पार्षद मदनमोहन झा, जिला अध्यक्ष रंजू कुमारी, जिला कांग्रेस के अध्यक्ष अबू तमीम, प्रदेश महासचिव रामकलेवर सिंह, युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तरुण चौधरी व अनिता राम आदि भी उपस्थित थे।

   

 

News Category: 
Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.