RGA न्यूज़ पटना बिहार संवाददाता
Bihar Weather News Update अाज और कल दो दिनों के लिए बिहार में भारी बारिश की चेतावनी के साथ रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं वज्रपात से 83 लोगों की मौत हो गयी है।...
पटना:- Bihar Weather News Update : बिहार में आज वज्रपात से 83 लोगों की मौत हो गई है, वहीं काफी लोग झुलस गए हैं। इनमें से केवल पूर्व बिहार में 22 तथा उत्तर बिहार में 23 लोगों की मौत हुई है। बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई है। मौत का यह आंकड़ा देर रात तक बढ़ भी सकता है। उधर, प्राकृतिक अापदा में एक साथ 83 मौतों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के आश्रित को चार-चार लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। उधर राज्यपाल फागू चौहान ने भी शोक प्रकट किया। कहा, यह बेहद दुखदायी खबर है। ईश्वर पीडि़त परिवारों को दुख सहने की क्षमता दें।
कई जिले रेड-ऑरेंज जोन में
इसके साथ ही पूर्व बिहार, उत्तर बिहार, सीमांचल सहित कई जिलों में आज काफी तेज बारिश हुई और आंधी-तूफान भी आया। मौसम विभाग ने पहले ही आज और कल के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार गुरुवार को अररिया और किशनगंज जिले को रेड जोन में रखा है। पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान सारण, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, पूर्णिया, सहरसा और मधेपुरा को ऑरेंज जोन में रखा गया है।
सर्वाधिक मौतें पूर्व और उत्तर बिहार में
पूर्व बिहार, कोसी और सीमांचल में गुरुवार दोपहर को झमाझम बारिश के दौरान बिजली गिरने सेे 22 लोगों की मौत हो गई। भागलपुर में पांच, बांका में चार, जमुई में एक, खगडिय़ा में एक, किशनगंज में एक, अररिया में एक, पूर्णिया में पांच, सुपौल में दो, सहरसा में एक और मधेपुरा में एक व्यक्ति की मौत वज्रपात से हुई है। इसी तरह, उत्तर बिहार में गुरुवार को बारिश ने कहर बरपाया। जानमाल और फसलों को भारी नुकसान हुआ। ठनका गिरने से 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग झुलस गए। मृतकों में पश्चिम चंपारण के दो, पूर्वी चंपारण के छह, मधुबनी के आठ, समस्तीपुर, सीतामढ़ी और दरभंगा के दो -दो और शिवहर के एक हैं। वहीं, झुलसे लोगों में पश्चिम चंपारण के एक, पूर्वी चंपारण के छह और सीतामढ़ी के एक हैं। पश्चिम चंपारण और सीतामढ़ी जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा गोपालगंज में 13, सीवान में पांच लोगों की भी मौत की खबर है।
पूर्व बिहार में 30.6 मिमी हुई बारिश
इधर, बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग में 30.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। विभाग के नोडल पदाधिकारी प्रो. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि अगले तीन दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान करीब 100 मिलीलीटर बारिश होने का पूर्वानुमान है। गुरुवार का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 36.8 और 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, बारिश के बाद तापमान गिरकर क्रमश: 29 और 26 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
लोगों को सुरक्षित जगह पर ले जाने का निर्देश
पश्चिम चंपारण में नदियों के आसपास बसे लोगों को सुरक्षित स्थलों पर जाने का निर्देश दिया गया है। बारिश का पानी पश्चिम चंपारण के बगहा शहरी पीएचसी के ओपीडी कक्ष समेत अन्य कमरों में पानी भर गया। योगापïट्टी दियारे की सड़कों पर बारिश का पानी भरने से आवागमन बाधित हो गया है। छोटा चौमुखा से मंगलपुर जाने वाली सड़क पर बारिश का पानी बह रहा है। नवलपुर थाना परिसर और बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज परिसर में बारिश का पानी भर गया है। समस्तीपुर में तेज हवा से कई कच्चे घर क्षतिग्रस्त हो गए। दरभंगा शहर के कई इलाके झील में तब्दील हो गए। जानकारी के अनुसार, बगहा में 110, तो समस्तीपुर में 61 एमएम हुई बारिश।
अगले 24 घंटों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में दक्षिण बिहार से गुजर रही टर्फ ऑफ लाइन उत्तर बिहार की ओर शिफ्ट होगी। इसके साथ ही अरब सागर और बंगाल की खाड़ी क्षेत्र से आ रही नमी युक्त हवाओं का उत्तर बिहार में मिलन होगा। इस वजह से भारी बारिश की ऐसी स्थिति बनी है। वहीं पटना में जहां अगले दो दिनों में मौसम में बदलाव दिखेगा, वहीं पारे में उतार-चढ़ाव भी होता रहेगा।
रेड जोन में है ये जिले
शुक्रवार को राज्य के लगभग 10 जिले रेड जोन में है। इनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, सहरसा और मधेपुरा में भारी से भारी बारिश की स्थिति बन रही है। शुक्रवार को 10 जिलों में रेड अलर्ट के अलावा सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर दरभंगा, वैशाली, शिवहर समस्तीपुर, कटिहार, भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया और जमुई के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। यानी इलाकों में गरज-धड़क के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में वज्रपात के भी आसार हैं। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से अगले 48 घंटों में मौसम की अनुमानित स्थिति से राज्य सरकार को अवगत करा दिया गया है।
मृतकों की सूची
गोपालगंज में 13, पूर्वी चम्पारण में 5, सीवान में 6, दरभंगा में 5, बाॅका में 5, भागलपुर में 6, खगड़िया में 3, मधुबनी में 8, पश्चिम चम्पारण में 2, समस्तीपुर में 1, षिवहर में 1, किशनगंज में 2, सारण में 1, जहानाबाद में 2, सीतामढ़ी में 1, जमुई में 2, नवादा में 8, पूर्णिया में 2, सुपौल में 2, औरंगाबाद में 3, बक्सर में 2, मधेपुरा में 1 और कैमूर में 2