![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/06_07_2020-aloo_bukhara_20479808.jpg)
RGA न्यूज़ आगरा
Immunity Booster फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर आलूबुखारा विटामिन और खनिजों का एक बहुत बढ़िया स्त्रोत है।...
आगरा:- यूं तो नाम में बुखार छुपा है लेकिन गर्मियों का ये फल शरीर को तरोताजा रखने के साथ सेहतमंद और सुंदर भी बनाता है। जी हां, बात की जा रही है आलूूबुखारा की। आयुर्वेद में एक-दो नहीं, बल्कि आलूबुखारा के कई फायदे बताए गए हैं। आयुर्वेदाचार्य डॉ कविता गोयल के अनुसार आलूूबुखारा एक ऐसा फल है जो आसानी से सभी जगह मिल जाता है। इसे आहार के रूप में प्रयोग में लाया जाता है। आलूूबुखारा जितना सेहत के लिए लाभकारी है उतना ही सौंदर्य के लिए भी फायदेमंद है। फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर आलूबुखारा, विटामिन और खनिजों का एक बहुत बढ़िया स्त्रोत है। आलूबुखारा शरीर में नये रोगों को जगह नहीं बनाने देता वहीं पुराने रोगों से भी छुटकारा दिलाने में मदद करता है। आलूबुखारा का स्वाद मीठा होता है। इसके इस्तेमाल से पेट से संबंधित विकार जैसे- भूख की कमी, बदहजमी, पाचन विकार आदि तो ठीक होते ही हैं, साथ ही कब्ज, बवासीर आदि बीमारियों को ठीक किया जा सकता है।
ये हैं आलूबुखरा के 12 फायदे
- आलूबुखारे के 100 ग्राम में लगभग 46 कैलोरी होती है। अत: इसमें अन्य फलों की तुलना में कैलोरी काफी कम पाई जाती है। इस कारण से यह आपका वजन नियंत्रित करने में भी बेहद सहायक होता है।
- आलूबुखारा डायट्री फाइबर से भरपूर होता है, जिसमें सार्बिटॉल और आईसेटिन प्रमुख हैं। खासतौर पर यह फाइबर्स, शरीर के अंगों के क्रियान्वयन को सरल बनाते हैं, और पाचन क्रिया को भी दुरूस्त करते हैं।
- आलूबुखारे का प्रतिदिन सेवन आपको कब्जियत से राहत दिलाने में मदद करता है साथ ही पेट साफ करने में भी मदद करता है।
- इसमें उपस्थित विटामिन- सी आपकी आंखों और त्वचा को स्वस्थ रखने में सहायक है, और रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ाता है। इसके इलावा इसमें विटामिन-के एवं बी 6 भी प्रचुर मात्रा में पाया जाता है।
- यह रक्त का थक्का बनने से रोकता है, जिससे ब्लडप्रेशर और हृदय रोगों की संभावना कम होती है। इसके साथ ही अल्जाइमर के खतरे को कम करता है।
- आलूबुखारा आपके फेफड़ों को सुरक्षित रखने के साथ ही आपको मुंह के कैंसर से बचाने में अहम भूमिका निभाता है। इसके अलावा यह अस्थमा जैसे रोगाें को रोकने में मददगार साबित होता है।
- आलूबुखारा सूरज की यूवी किरणों से आपकी रक्षा करता है, इसके अलावा इसमें विटामिन- ए और बीटा कैरोटीन भी भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो आंखों के लिए व अन्य अंगों के लिए फायदेमंद है। यह आंखों की रौशनी भी तेज करता है।
- छिलके के साथ आलूबुखारे का सेवन, ब्रेस्ट कैंसर को रोकने में सहायक होता है। यह कैंसर और ट्यूमर की कोशिकाओं को बढ़ने से रोकता है।
- महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस को रोकने में आलूबुखारा बेहद सहायक है। रजोनिवृत्ति के उपरांत महिलाएं आलूबुखारे का सेवन करें तो वे स्वयं को ओस्टियोपोरेसिस से बचा सकती हैं।
- प्रतिदिन आलूबुखारा खाने और इसका गूदा चेहरे पर लगाने से चेहरे पर प्राकृतिक चमक आती है, साथ ही त्वचा को सभी पोषक तत्व मिलते हैं, जिससे वह स्वस्थ रहती है ।
- इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स आपकी त्वचा के साथ ही दिमाग को भी स्वस्थ रखने में सहायता करते हैं। यह आपके तनाव को कम करने में भी अहम भूमिका निभाता है।
- यह आपके बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करता है, और इम्यूनिटी को बढ़ाता है। आलुबुखारे में आयरन की मात्रा होती है जो ब्लड सेल्स के निर्माण में मदद करती है। पोटेशियम की बहुतायत होने से शरीर के सेल्स स्ट्रांग बनते हैं और ब्लड प्रेशर भी कंट्रोल में रहता है।