पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह के जरिए पूर्वांचल में डैमेज कंट्रोल करेगी बहुजन समाज पार्टी

Praveen Upadhayay's picture

RGA न्यूज़ उत्तर प्रदेश लखनऊ

पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह का समर्थकों समेत राहुल गांधी व प्रियंका वाड्रा पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस को छोड़ देना पार्टी के मिशन यूपी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।...

लखनऊ:- कांग्रेस छोड़कर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में वापसी करने वाले पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह को मायावती ने बस्ती, गोरखपुर, संतकबीरनगर व श्रावस्ती की जिम्मेदारी सौंप पूर्वांचल में डैमेज कंट्रोल अभियान आरंभ किया है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज करते हुए बसपा पुराने व रूठे कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर संगठन को मजबूती देने का अभियान आरंभ करेगी। सामाजिक समीकरण सुधारने की खातिर अन्य दलों के प्रभावशाली नेताओं के लिए भी दरवाजे खुले रखे जाएंगे।

पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह का समर्थकों समेत राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस को छोड़ देना पार्टी के मिशन यूपी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पूर्वांचल में जड़ें जमाने की कोशिश में लगी कांग्रेस में गहराया असंतोष अब सतह पर आने लगा है। सूत्रों का कहना है कि मध्य प्रदेश के बाद राजस्थान में बड़े नेताओं की बगावत का असर उत्तर प्रदेष में दिखेगा। उक्त दोनों राज्यों में कांग्रेस से झटका खाई बसपा अब पलटवार की तैयारी में है।

वर्ष 2007 में पहली बार बसपा के टिकट पर विधायक बने राजकिशोर को मायावती ने मंत्री भी बनाया था परंतु वर्ष 2012 में राजकिशोर सपा की साइकिल पर सवार होकर विधानसभा पहुंचे और मंत्री भी बने। अखिलेश से छत्तीस का आंकड़ा हो जाने के कारण राजकिशोर को कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया गया था। जिसके बाद पूर्वांचल खासकर बस्ती व आसपास के जिलों में असरदार नेता माने जाने वाले राजकिशोर ने कांग्रेस में जड़ें जमाने की कोशिश की परंतु बात नहीं बनी।

गत लोकसभा चुनाव में भी हार का सामना करना पड़ा। स्थानीय कांग्रेसियों से पटरी न बैठ पाने के कारण राजकिशोर ने बसपा में उस समय घर वापसी की है जब मायावती को पूर्वांचल में जनाधार वाले नेताओं की तलाश है। राजकिशोर की बसपा में एंट्री कद्दवार नेता रामप्रसाद चौधरी द्वारा सपा का दामन थाम लेने से आसान हो गई।

कांग्रेस में मिला धोखा : पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह का आरोप है कि कांंग्रेस में मुझे धोखा मिला। कहा कि राहुल व प्रियंका को सियासत का अंदाजा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रजेश में बसपा सबसे मजबूत है और पूर्वांचल में फिर से हाथी दौड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की अगली मुख्यमंत्री मायावती ही होंगी।

News Category: 
Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.