![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/21_07_2020-arjit_abhimanyu_20536411.jpg)
RGA न्यूज़ बिहार पटना
Bihar Assembly Election बिहार विधानसभा चुनाव में सांसदों के स्वजनों को टिकट की आस है। अधिकांश मामलों में सांसद पिता के बटे लाइन में लगे दिख रहे हैं। जानिए मामला। ...
पटना:- Bihar Assembly Election 2020: बिहार में विधानसभा चुनाव सामने है। नई-नई पार्टियां बन रही हैं। उनसे भी अधिक नए उम्मीदवार (Candidates) मैदान में नजर आने लगे हैं। उनमें से खास हैं, ऐसे उम्मीदवार, जिनके पिता लोकसभा (Lok Sabha) की शोभा बढ़ा रहे हैं। ऐसे उम्मीदवारों की संख्या राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में ज्यादा है। इसलिए कि राज्य में लोकसभा की 40 में से 39 सीटें एनडीए के पास हैं।
छेदी पासवान के बेटे को टिकट की आस
सासाराम के भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद छेदी पासवान (Chhedi Paswan) चेनारी और मोहनिया विधानसभा क्षेत्र के सदस्य रहे हैं। उनके पुत्र रविशंकर पासवान (Ravi Shankar Paswan) 2015 में ही उम्मीदवार थे। बीजेपी से टिकट नहीं मिला तो समाजवादी पार्टी (SP) की साइकिल पर सवार हो गए। हारे तो फिर से बीजेपी में सक्रिय हो गए। उन्हें प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया है। इससे पहले रवि ने आठ हजार से अधिक नए लोगों को बीजेपी का सदस्य बनाया। हालांकि, उनके दावे की दोनों सीटों पर अभी एनडीए का ही कब्जा है। रवि कहते हैं, पार्टी नेतृत्व जरूर मेरे लिए कोई रास्ता निकलेगा।
तय लग रहा अर्जित शाश्वत का टिकट
केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे (Ashwini Choubey) के पुत्र अर्जित शाश्वत (Arjit Shaswat) पिछली बार भागलपुर विधानसभा क्षेत्र से लड़े थे। 11 हजार वोटों के अंतर से हार हुई थी। उसके बाद भी क्षेत्र में उनकी सक्रियता कायम रही। टिकट की गारंटी बतायी जा रही है। अश्विनी कुमार चौबे भागलपुर विधानसभा से पांच बार चुनाव जीत चुके हैं।
ओबरा सीट पर रामकृपाल के बेटे की नजर
पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रामकृपाल यादव (Ram Kripal Yadav) लोकसभा में हैं। वे राज्यसभा और विधान परिषद के सदस्य रह चुके हैं। कभी विधानसभा के सदस्य नहीं बन पाए। उसकी भरपाई की कोशिश में पुत्र अभिमन्यु (Abhimanyu) जुटे हैं। अभिमन्यु की नजर औरंगाबाद जिला की ओबरा विधानसभा सीट पर है। वे एनडीए के किसी दल से उम्मीदवार बनने की कोशिश करेंगे। यह राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की सीट है। विधानसभा के पिछले चुनाव में जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपना उम्मीदवार नहीं दिया था। एनडीए में यह राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLSP) के खाते की सीट थी। आरएलएसपी अब एनडीए में नहीं है। ऐसे में ओबरा पर अभिमन्यु का दावा निरापद हो सकता है।