RGA न्यूज़ उत्तराखंड चंपावत
जनपद के सूखीढांग क्षेत्र में चार दिन से नालों में पानी नहीं आ रहा है। जिसके चलते लोग परेशान हैं।...
चम्पावत:- जनपद के सूखीढांग क्षेत्र में चार दिन से नालों में पानी नहीं आ रहा है। जिसके चलते क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों में पेयजल संकट गहराने से लोगों को बारिश के पानी से दिनचर्या चलाने को मजबूर होना पड़ रहा है। गांव के लोगों का कहना है कि क्षेत्र में एक मात्र हैंडपंप के सहारे जी रहे हैं। वह भी लीकेज हो रहा है। जिससे लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। वहीं सूखीढांग मोटर मार्ग में आवाजाही करने वाले यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि एक सप्ताह से गांवों को जोड़ने वाली लाइन ध्वस्त पड़ी है, लेकिन विभाग ने देखने की जहमत नहीं समझी। भाजपा मंडल अध्यक्ष गोविंद बोहरा ने बताया कि विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को पेयजल समस्या की जानकारी देने के लिए फोन किया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। बृज नगर, सूखीढांग, बमन जौल, सिलाड़, आम खर्क, कटूजापानी के ग्रामीण सुबह से शाम तक प्राकृतिक जल स्रोतों, धारे और नौलों में घंटों इंतजार कर पानी का इंतजाम कर रहे हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपा जोशी, सुरेश जोशी, शंकर जोशी, केएन तिवारी, नरेंद्र जोशी, दीपक शर्मा आदि ग्रामीणों ने शीघ्र जल संस्थान से पेयजल लाइन ठीक करने की मांग की है। ऐसा न होने पर जल संस्थान कार्यालय में धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।