RGA न्यूज़ ग्रेटर नोएडा
Sudeeksha Bhati Death Case एसआइटी के सामने नाबालिग चचेरे भाई ने कई नई बातें बताईं। उसने कहा कि बाइक वह खुद चला रहा था। उससे पापा घर पर ही थे।...
ग्रेटर नोएडा:- मनचलों की वजह से सड़क हादसे की शिकार छात्रा सुदीक्षा भाटी मामले की जांच कर रही स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम (एसआइटी) बृहस्पतिवार को पूछताछ करने उसके घर पहुंची। वहां छात्रा के पिता जितेंद्र भाटी, चाचा सतेंद्र और चचेरे नाबालिग भाई निगम के बयान दर्ज किए। इस दौरान नाबालिग चचेरे भाई ने कई नई बातें बताई। उसने कहा कि बाइक वह खुद चला रहा था। उससे पापा घर पर ही थे। वहीं, छात्रा के पिता जितेंद्र ने कहा कि उन्होंने अपने भाई, यानी सुदीक्षा के चाचा सतेंद्र को फोन कर कहा था कि बेटी को बाइक से बुलंदशहर लेकर चले जाए। इसके बाद वह गया कि नहीं, इसका पता चलने से पहले ही बेटी की मौत की खबर आई। वहीं, सतेंद्र का कहना है कि उनका जरूरी फोन आ गया था, इसलिए वह भतीजी को लेकर बुलंदशहर नहीं जा सके थे। उनका बेटा निगम भाटी बाइक से सुदीक्षा को लेकर बुलंदशहर गया था। उधर, करीब एक घंटे तक सुदीक्षा के घर पर रही एसआइटी ने कुछ अन्य लोगों से भी पूछताछ की थी। एसआइटी टीम में महिला सीओ व दो अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। सूत्रों की मानें तो शुक्रवार को एसआइटी द्वारा की जा रही जांच की रिपोर्ट आ सकती है।
...तो कर लूंगा आत्महत्या
जितेंद्र भाटीबुलंदशहर में मनचलों के चलते हादसे की शिकार होने वाली छात्रा सुदीक्षा के पिता जितेंद्र भाटी ने कहा कि उनको आत्महत्या के लिए मजबूर किया जा रहा है। तहरीर में छेड़खानी का जिक्र करने के बाद भी मुकदमे में इस बात को शामिल नहीं किया गया। उनका आरोप है कि बुलंदशहर पुलिस प्रशासन उनको न्याय दिलाने के बजाय गलत ठहराने में जुटी है। अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो 21 अगस्त को होने वाली बेटी की तेरहवीं के बाद वह अपनी जीवन लीला समाप्त कर लेंगे। उनको हर तरह से गलत साबित करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि सही जांच नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि बुलंदशहर में जहां से बाइक सवारों ने उनकी बेटी का पीछा शुरू किया था, वहां और घटनास्थल के पास ही जंगल है। पीछा कर रहे लोगों की नीयत गलत थी। उनकी बेटी के साथ वे कोई भी अनहोनी कर सकते थे। बुलंदशहर क्षेत्र में पूर्व में भी हाईवे पर दुष्कर्म की घटनाएं हो चुकी हैं।
यह है मामला
ग्रेटर नोएडा के डेरी स्कनर गांव की रहने वाले सुदीक्षा चार करोड़ की स्कॉलरशिप पर अमेरिका में बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रही थी। बीते सोमवार को बुलंदशहर जाने के दौरान बुलेट सवार युवकों ने उसका पीछा किया और छेड़छाड़ की। आरोपितों ने अचानक अपनी बाइक का ब्रेक लगा दिया। पीछे से आ रही सुदीक्षा की बाइक उनके टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिर गई और मौत हो गई। सुदीक्षा डेरी स्कनर गांव से अमेरिका तक का सफर तय करने वाली पहली छात्रा थी।