![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/23_08_2020-bareilly_market2_20658574_908415.jpg)
RGA न्यूज़ बरेली समाचार
बाजारों काे सम-विषम रोस्टर से खोलने की तैयारियां शनिवार को व्यापारियों के साथ हुई वेबनॉर के बाद स्थगित कर दी गई है। ...
बरेली:- बाजारों काे सम-विषम रोस्टर से खोलने की तैयारियां शनिवार को व्यापारियों के साथ हुई वेबनॉर के बाद स्थगित कर दी गई है। फिलहाल पांच दिन दुकानें खुलने के पुराने रोस्टर को ही लागू किया जाएगा। डीएम नितीश कुमार ने यह स्थगन का फैसला व्यापारियों के विरोध को देखते हुए लिया है। उन्होंने कहा कि कंटेमेंट जोन में सख्ती को बढ़ाएंगे। इस तरह से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान कम होगा। बता दें कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद बरेली प्रशासन ने सम-विषम रोस्टर को लागू करने की तैयारी की थी।
हफ्ते में पांच दिन दुकानें खोल रहे व्यापारियों का नए रोस्टर को लेकर तीखा विरोध था। इसी मुद्दे पर शनिवार शाम चार बजे डीएम नितीश कुमार ने व्यापारियों के साथ वेबनॉर की। जिसमें व्यापारियों ने सम-विषम रोस्टर का खुलकर विरोध किया। उनका कहना था कि रविवार और शनिवार को पहले ही बाजार बंद है। अब पांच दिन में सम-विषम लागू होने के बाद व्यापार की कमर टूट जाएगी। कुछ व्यापारियों का कहना था कि कोविड के केस बरेली में अब नियंत्रित हो रहे हैं। पहले प्रतिदिन तीन से चार मौत हो रही थी, लेकिन अब आंकड़ा घटकर प्रतिदिन एक मौत का हो गया है।
बाजार में सबसे ज्यादा भीड़ सोमवार और आखिरी दिन शुक्रवार को होती है। बाकी दिन व्यापार मंदा ही रहता है। इसलिए नए रोस्टर को लेकर नरमी बरती जाए। डीएम नितीश कुमार ने व्यापारियों से वार्ता करने के बाद एडीएम सिटी और एडीएम प्रशासन के साथ सलाह की। व्यापारियों को आर्थिक नुकसान और कोविड-19 के केस का ग्राफ पहले से कम होने की वजह से उन्होंने सम-विषम रोस्टर को फिलहाल स्थगित कर दिया है। पुलिस प्रशासन मजिस्ट्रेट करवाएंगे कार्रवाईउन्होंने बाजार में शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए सभी थानों के प्रभारी निरीक्षक, क्षेत्राधिकारी, मजिस्ट्रेट को भ्रमण करने के निर्देश जारी किए हैं। शारीरिक दूरी का पालन नहीं होने पर दुकान के संचालक और उपभोक्ता दोनों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है।
नए रोस्टर को लेकर हमारा विरोध था। प्रशासन ने पुराना रोस्टर जारी रखकर व्यापारियों को आर्थिक संकट में जाने से बचाया है। - रामकृष्ण शुक्ला, व्यापारी
व्यापारी खुद ही स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद कर लेते हैं। पांच दिन का ही उन्हें मौका मिल रहा है। पुराना रोस्टर ही ठीक है। - विशाल मेहरोत्रा, व्यापारी
शुरू से ही हमारा विरोध रहा कि व्यापार दो दिन कैसे हो सकता है। पांच ही दिन तो दुकान खुलनी है। व्यापार पहले ही मंदा है। - राजेश जसोरिया, व्यापारी
अब किसी भी व्यापार में ग्राहक नहीं है। कई ट्रैंड पहले ही बंद कर चुके हैं। दुकानदार खुद ही परेशान है। प्रशासन का शुक्रिया उन्होंने हमारी मांगे मानी। - आदेश प्रताप सिंह, व्यापारी