COVID-19 in UP: योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्री मोहसिन रजा भी कोरोना पॉजिटिव, चपेट में आने वाले 16वें मंत्री

Praveen Upadhayay's picture

RGA:- न्यूज़

COVID-19 in UP प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मोहसिन रजा की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनके स्टॉफ के कुछ साथी संक्रमित मिले थे। इसके बाद राज्यमंत्री ने भी अपनी जांच कराई थी। ...

लखनऊ:-COVID-19 in UP: वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का बढ़ता संक्रमण प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रियों को भी तेजी से अपनी चपेट में ले रहा है। प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण व वक्फ राज्य मंत्री मोहसिन रजा कोरोना संक्रमित हो गए हैं। वह योगी आदित्यनाथ सरकार के 16वें मंत्री हैं जो कोरोना संक्रमण का शिकार बने हैं। मंत्री मोहसिन रजा ने ट्वीट कर अपने को पॉजिटिव बताया है, वह फिलहाल अपने सरकारी घर में होम क्वॉरंटीन हैं। 

प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मोहसिन रजा की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनके स्टॉफ के कुछ साथी संक्रमित मिले थे। इसके बाद राज्यमंत्री ने भी अपनी जांच कराई थी। जिसके बाद उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। मोहसिन रजा ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुझे कोरोना के शुरूआती लक्षण दिख रहे थे, जिसके चलते मैंने अपनी जांच कराई। जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मुझसे संपर्क में आने वाले सभी लोग गाइडलाइन के अनुसार स्वयं को क्वॉरंटाइन कर लें और आवश्यकता पडऩे पर जांच कराएं।

मोहसिन रजा से पहले शनिवार को कैबिनेट मंत्री सतीश महाना कोरोना पॉजिटिव थे। कानपुर से लखनऊ आने के बाद वह मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। इनसे दो दिन पहले कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह भी संक्रमित हुए थे। इनके अलावा स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, विधि और न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धरम सिंह सैनी, खेल और युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग तथा पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी शामिल हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान और प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण की मौत हो गई थी।

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके संक्रमण की चपेट में मंत्रियों के साथ ही सांसद, विधायक, शासन के शीर्ष अधिकारियों के साथ पुलिस के अधिकारी भी हैं।

राज्य में कोरोना के कुल केस 2.30 लाख पार

उत्तर प्रदेश में सोमवार को 24 घंटे में 4,782 केस बढ़े हैं। 67 लोगों की मौत हुई है। अब तक राज्य में 2,30,414 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। मौत का आंकड़ा 3486 पहुंच गया है। 54,788 लोगों का अभी इलाज चल रहा है। इसमें भी राहत की बात है कि 1,72,140 लोग पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। कुल एक्टिव केस में से 27,263 लोग होम आइसोलेशन में हैं। अब तक 1,00,682 लोगों ने होम आइसोलेशन का विकल्प लिया है।

Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.