

RGA न्यूज़ लखनऊ उत्तर प्रदेश सुनील यादव
लखनऊ:- UP Farmers Protest: नरेंद्र मोदी सरकार के कृषि संशोधन विधेयक के विरोध में उत्तर प्रदेश का भारतीय किसान यूनियन भी पंजाब व हरियाणा के किसानों के समर्थन में है। भारतीय किसान यूनियन उत्तर प्रदेश में हाई-वे पर चक्का जाम कर रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में इसका बड़ा असर होने के कारण सभी जगह पर जिला तथा पुलिस प्रशासन बेहद मुस्तैद है। सभी जगहों पर बैरिकेडिंग की गई है, जबकि किसान सड़कों पर एकत्र हैं।
मेरठ और उसके आसपास के कई जिलों में भारतीय किसान यूनियन ने अनिश्चतकालीन हड़ताल का ऐलान किया है। यूनियन ने मेरठ समेत वेस्ट यूपी के सभी हाईवे को शुक्रवार को जाम करने का ऐलान किया है। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के आह्वान पर मेरठ जिले में कंकर खेड़ा बाईपास को जाम करने का ऐलान किया गया है। प्रदेश में किसानों के इस बड़े आंदोलन को लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हर जगह पुलिस तथा जिला प्रशासन सतर्क है। मेरठ में नेशनल हाइवे पर किसानों का चक्का जाम है। दिल्ली-दून हाइवे पर जिटोली गांव के पास जाम है। दिल्ली की ओर आने-जाने वाले वाहन रोके गए है। भाकियू नेता-किसानहाइवे पर धरना दे रहे है।
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन भी पंजाब तथा हरियाणा के किसानों के समर्थन में है। भारतीय किसान यूनियन का उत्तर प्रदेश में चक्का जाम का कार्यक्रम है। राकेश टिकैत ने कहा कि हमारा यूनियन तो पंजाब-हरियाणा के किसानों के साथ है। प्रदेश में वेस्ट उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में हाइवे जाम होगा। वेस्ट यूपी के दर्जनों जिलों के हाई-वे पर आज सिर्फ किसान हैं। मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर के साथ ही आगरा व शामली में चक्का जाम है। हरियाणा व पंजाब में किसानों के बड़े आंदोलन के बाद से उत्तर प्रदेश का किसान भी इनके समर्थन में है। प्रदेश में सभी हाई-वे पर किसान जमे हैं। आज दिन में दो बजे प्रदेश के किसान आगे के आंदोलन पर बड़ा निर्णय लेंगे। सभी हाई-वे पर किसान इकट्ठा होकर निर्णय लेंगे। नरेश टिकैत के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर में एनएच 58 के नावला कोठी पर चक्का जाम होगा। इसके साथ ही भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता बुलंदशहर में चक्का जाम करेंगे।