छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में 65 सीट जीतेंगे-अमित शाह

Raj Bahadur's picture

RGANews

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस के 55 साल के शासन के खराब रिकार्ड को लेकर रविवार को राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने आगामी छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में 65 सीट जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया। छत्तीसगढ़ में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए शाह ने पिछले चार साल में केंद्र की भाजपा नीत सरकार द्वारा किए गए कामकाज का हिसाब मांगने को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से सवाल किया। 

उन्होंने रैली में कहा कि रमन सिंह की सरकार छत्तीसगढ़ में सत्ता में कायम रहेगी और भाजपा राज्य में 90 में 65 सीट पर जीत हासिल करेगी। राज्य में भाजपा करीब 15 साल से सत्ता में है। शाह ने कहा कि राहुल, आप हमारे चार साल का हिसाब क्यों मांग रहे हैं?  हमें आपको लेखा जोखा देने की जरूरत नहीं। हम जब वोट मांगने लोगों के पास जाएंगे तब एक-एक चीज और एक-एक पैसे का हिसाब देंगे। 

उन्होंने कहा, आपके परिवार ने चार पीढ़ियों और 55 साल तक देश में शासन किया। कोई विकास क्यों नहीं हुआ? उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गरीबों, किसानों और दबे कुचले लोगों के लिए हर 15 दिन में एक नई योजना लेकर आई। उन्होंने कहा कि भाजपा के विकास कार्यों का हिसाब मांगने से पहले राहुल को अपने अंदर झांकना चाहिए। 

भाजपा अध्यक्ष ने रैली में कहा कि गर्मियों के शुरू होने पर वह (राहुल) छुट्टियां मनाने के लिए यूरोप और इटली जाते हैं। जब राहुल यहां वोट मांगने आएंगे तो क्या आप उनकी पार्टी के खराब रिकार्ड के बारे में उनसे नहीं पूछेंगे? शाह ने कहा कि कांग्रेस के शासन में सीमा पार से हर दूसरे दिन गोलीबारी होती थी लेकिन मुंहतोड़ जवाब नहीं दिया जाता था। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 2014 में सत्ता में आने के बाद यह बदल गया। 

भाजपा सरकार रहने तक एससी/एसटी एक्ट बना रहेगा 
अमित शाह ने कहा कि उनकी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में रहने तक एससी/एसटी एक्ट और नौकरियों में आरक्षण की व्यवस्था लागू रहेगी। शाह ने कहा कि चुनावी मौसम जल्द शुरू होगा और कांग्रेस नरेंद्र मोदी सरकार के बारे में झूठ फैलाने के लिए इस अवसर का इस्तेमाल करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्य विपक्षी पार्टी यह कह कर लोगों को गुमराह करेगी कि राजग सरकार अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार रोकथाम) अधिनियम तथा समाज के वंचित तबकों के लिए नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में आरक्षण खत्म कर देगी। शाह ने कहा, मैं स्पष्ट रूप से यह कहना चाहता हूं कि एससी/एसटी अधिनियम और आरक्षण तब तक लागू रहेगा जब तक भाजपा सरकार सत्ता में रहेगी।  

रोड शो कर रैली में पहुंचे शाह
ढोल की थाप और  लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में रविवार को रोड शो किया। राज्य में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले मुख्यमंत्री रमन सिंह द्वारा की जा रही विकास यात्रा अभियान के तहत भाजपा अध्यक्ष यहां पहुंचे थे। अंबिकापुर के खारसिया नाका इलाके से दोपहर बाद अमित शाह ने जब रोड शो शुरू किया, तब बड़ी संख्या में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। रोड शो करीब पांच किलोमीटर लंबा था। शाह के काफिले ने यह दूरी करीब 45 मिनट में तय की। रोड शो पी. जी. कॉलेज मैदान में खत्म हुआ, जहां शाह ने जनसभा को संबोधित किया। 

News Category: 
Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.