![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/12_12_2020-covid-11_21159885.jpg)
RGA न्यूज़
दुनिया में कोरोना महामारी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। इस खतरनाक वायरस की चपेट में आकर संक्रमित होने वाले लोगों का आंकड़ा सात करोड़ के पार पहुंच गया है। इनमें से एक करोड़ 60 लाख से ज्यादा मामले अकेले अमेरिका में मिले हैं। यहां दो लाख 95 हजार से अधिक पीडि़तों की मौत भी हुई है। जबकि दुनियाभर में कोरोना से जान गंवाने वाले मरीजों की संख्या कुल करीब 16 लाख हो गई है।
अमेरिका में रोजाना दो लाख से ज्यादा केस
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के डाटा के अनुसार, दुनिया में कोरोना पीडि़तों का कुल आंकड़ा शनिवार को सात करोड़ एक लाख 13 हजार 911 हो गया। मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 लाख 92 हजार 486 हो गई है। विश्व में कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका में पिछले कई दिनों से रोजाना दो लाख से ज्यादा नए पॉजिटिव केस पाए जा रहे हैं। अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा मामले भारत और ब्राजील में हैं।
रूस में मिले 28 हजार नए मामले
भारत में अब तक 98 लाख से ज्यादा संक्रमित पाए गए। ब्राजील में कोरोना मरीजों की तादाद 68 लाख से ज्यादा हो गई है। जबकि रूस में 26 लाख से अधिक मामलों की पुष्टि हुई है। फ्रांस में भी कोरोना मरीजों की संख्या 23 लाख से ज्यादा हो गई है। रूस के कोरोना रिस्पांस सेंटर ने शनिवार को बताया कि देश में बीते 24 घंटे में 28 हजार 137 नए मामले पाए गए। इससे संक्रमित लोगों की संख्या 26 लाख 25 हजार से अधिक हो गई है। इस देश में 46 हजार 453 मरीजों की मौत हुई है।
एक नजर इन देशों पर
ब्राजील : इस लैटिन अमेरिकी देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या एक लाख 80 हजार से ज्यादा हो गई। कुल 68 लाख से ज्यादा संक्रमित मिले हैं।
फ्रांस : 13 हजार 406 नए संक्रमित मिलने से कोरोना मरीजों की संख्या 23 लाख 35 हजार से ज्यादा हो गई है। यहां कुल 57 हजार 567 मौत हुई है।
पाकिस्तान : 2,729 नए कोरोना रोगी पाए जाने से पीडि़तों का आंकड़ा चार लाख 35 हजार से अधिक हो गया है। 8,724 मरीजों ने दम तोड़े हैं।
दक्षिण कोरिया : इस देश में पहली बार एक दिन में 950 नए मामलों की पुष्टि की गई। इससे कुल मामले 41 हजार 736 हो गए। 578 मौत हुई है।