![Raj Bahadur's picture Raj Bahadur's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-13-1546707786.jpg?itok=_bTDIAhC)
RGANews
पुलिस ने फेरी वाले के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, एफएसडीए की टीम ने जांच को आम का सैंपल लिया। सैंपल जांच को लैब भेजा जायेगा। एसडीएम सीओ ने अस्पताल जाकर पीड़ित लड़कियों का हाल चाल लिया। डॉक्टरों की टीम की निगरानी में लड़कियों को इलाज हो रहा है।
गांव पिपरिया में आम खाने से बीमार हुई किशोरी की मौत होने पर फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर फेरी वाले तेजराम निवासी गांव कुरतरा के खिलाफ गुरुवार देर रात धारा 304 और 328 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने कुरतरा में छापा मार कर आरोपी तेजराम को हिरासत में ले लिया। आरोपी तेजराम गांवों में फेरी लगाकर कबाड़ के बदले आम बेचता है।
डीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शुक्रवार को फतेहगंज पश्चिमी थाने पहुंची। टीम ने पुलिस के साथ फेरी वाले से पूछताछ की। उसने पुलिस को बताया कि उसने फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला नई बस्ती के जगदीश से आम खरीदे थे। गुरुवार को आम कई गांवों में उसने बेचे थे। वह वर्षों से फेरी लगाता है। बीमार लड़कियों के परिजनों ने बचे हुए आम खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को सौंप दिए। टीम ने आम का सैंपल भर लिया। सैंपल जांच को लैब भेजा जायेगा। जांच रिपोर्ट मिलने पर स्पष्ट होगा, आम जहरीले थे अथवा नहीं।
लड़कियों की हालत स्थिर
आम खाने से बीमार हुई चार लड़कियां एक मेडिकल अस्पताल में भर्ती हैं। मेडिकल सुपरिंटेंट डॉ. अर्जुन सिंह, डॉ. विवेक महेश्वरी, डॉ. प्रणय और डॉ. मनु की टीम की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। शुक्रवार को एसडीएम राम अक्षयवर सिंह एवं सीओ राजश्री मेडिकल कालेज पहुंचे। अधिकारियों ने बीमार लड़कियों का हाल चाल जाना। एसडीएम ने गांव जाकर जांच की। एसडीएम ने मृतका के परिजनों से पूछताछ की। लड़कियों की हालत स्थिर है।
कबाड़ देकर खरीदे थे आम
गांव कु रतरा का तेज राम गांव में कबाड़ लेकर आम बेचता है। गुरुवार की दोपहर में वह पिपरिया गया। गांव के ज्ञान चंद्र की पुत्रियों ने घर में पड़ी प्लास्टिक की टूटी कुर्सियों के बदले में एक किलोग्राम आम खरीदे थे। पिता ने बताया आम खाने के दो घंटे बाद अनुष्का, प्राची, संगीता, स्वाति और देवीदास की पुत्री काजल के पेट में दर्द होने लगा। उल्टी भी हुई, वह उन्हे इलाज को फतेहगंज पश्चिमी ले गए। अनुष्का की मौत हो गई। हालत गंभीर होने पर प्राची, संगीता, स्वाति और काजल को राजश्री में भर्ती करा दिया। अनुष्का की मौत होने पर परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
धड़ल्ले से बिक रहे हैं कैमिकल से पके फल
क्षेत्र में कैमिकल से पकाए गए आम केला आदि फल धड़ल्ले से बिक रहे हैं। बाग की फसल खरीदने वाले बागों में ही कर्बाइड लगाकर आम पकाते हैं। कैमिकल से पकाए फल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं। अधिकांश फल विक्रेताओं के पास खाद्य सुरक्षा विभाग के लाइसेंस नहीं हैं।
आम का सैंपल लिया है। सैंपल जांच को लैब भेजा जायेगा। जांच रिपोर्ट मिलने पर ही पता चलेगा आम कैमिकल युक्त थे अथवा नहीं। सैंपल अनसेफ पाए जाने पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। लाइसेंस के बिना खाद्य पदार्थ बेचने पर धारा 58 के तहत कार्रवाई होगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी
किसी पाउडर से आम पकाए गए होंगे। हो सकता है कि आम खाने के बाद लड़कियों ने घर में ऐसी कोई चीज खाई हो जिससे रिएक्शन हो गया हो। फूड प्वाइजनिंग की आशंका है। इलाज किया जा रहा है।
- डॉ. अर्जन सिंह, मेडिकल कॉलेज
आम बेचने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। ज्ञान चंद के परिवार की लड़कियों ने आम खरीद कर बिना धोए चूस कर खाए थे। जांच कर मामले की रिपोर्ट डीएम को भेज दी है। मृतक के परिजनों को मुख्य मंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता दिलाने की कार्रवाई होगी।
- राम अक्षयवर सिंह एसडीएम मीरगंज