ब्रिटिश नागरिकता होने के बावजूद खुद को भारतीय दर्शाकर बनवाए दस्तावेज, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Praveen Upadhayay's picture

RGA news

राजपुर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

ब्रिटिश नागरिकता होने के बावजूद एक व्यक्ति ने खुद को भारतीय दर्शाकर मतदाता पहचान पत्र समेत अन्य दस्तावेज बनवा लिए। राजपुर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि परमजीत सिंह ज्ञानी इंद्र सिंह सोसायटी का सदस्य भी बना हुआ है।

 देहरादून: ब्रिटिश नागरिकता होने के बावजूद एक व्यक्ति ने खुद को भारतीय दर्शाकर मतदाता पहचान पत्र समेत अन्य दस्तावेज बनवा लिए। राजपुर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। चौकी इंचार्ज जाखन योगेश पांडे के अनुसार, पंचकूला, हरियाणा की रहने वाली नीतू कैंथ ने तहरीर में बताया कि उनके पति परमजीत सिंह सागर का जन्म इंग्लैंड में हुआ था और वह ब्रिटिश नागरिक हैं।

आरोप है कि परमजीत सिंह ने नीतू कैंथ को देहरादून स्थित ज्ञानी इंद्र सिंह सोसायटी और घर से निकाल दिया। इसके लिए परमजीत ने कई जाली दस्तावेज बनाए। इसके बाद परमजीत ने रजिस्ट्रार कार्यालय में ज्ञानी इंद्र सिंह सोसायटी के नवीनीकरण के लिए आवेदन किया। नीतू को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने आरटीआइ के तहत सोसायटी के नवीनीकरण को लेकर जानकारी मांगी, जिसमें पता चला कि परमजीत सिंह के पास भारतीय वोटर कार्ड है। जिसमें उसने अपना पता सिनौला, देहरादून दर्शाया है। परमजीत सिंह का ब्रिटिश पासपोर्ट है व उसने अपने आपको अवैध रूप से भारतीय नागरिक दर्शाते हुए ड्राइविंग लाइसेंस भी बनवाया हुआ है। इसके अलावा कई बैंक खातों में भी अपनी नागरिकता भारतीय दर्शाई है। 

नीतू का आरोप है कि परमजीत सिंह ज्ञानी इंद्र सिंह सोसायटी का सदस्य भी बना हुआ है, जिसमें करोड़ों रुपये का लेन-देन होता है। जबकि बिना सरकार की अनुमति के बिना कोई भी विदेशी नागरिक भारतीय सोसायटी का सदस्य व पदाधिकारी नहीं हो सकता। इस मामले में परमजीत सिंह निवासी कारिल वे बेलवेदर कैंट इंग्लैंड के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.