

RGA news
राजधानी लखनऊ में ब्लैक फंगस से तीन व काेरोना से पांच की मौत।
ब्लैक फंगस के 14 नए मरीज भर्ती किए गए। वहीं तीन की मौत हो गई। ब्लैक फंगस से अब तक 35 मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं दूसरी तरफ कोविड 19 के पांच मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं 109 नए कोविड संक्रमित मिले।
लखनऊ,शहर के विभिन्न अस्पतालों में रविवार को ब्लैक फंगस के 14 नए मरीज भर्ती किए गए। वहीं, तीन की मौत हो गई। ब्लैक फंगस से अब तक 35 मरीजों की मौत हो चुकी है। उधर, 130 से ज्यादा मरीजों के गंभीर आपरेशन किए जा चुके हैं। अब तक अस्पतालों में 334 मरीज भर्ती किए जा चुके हैं। सबसे ज्यादा मरीज केजीएमयू में भर्ती हैं।
गंभीर मरीजों की जान बचाने के लिए लगातार आपरेशन किए जा रहे हैं। केजीएमयू के प्रवक्ता डा. सुधीर सिंह के मुताबिक ब्लैक फंगस मरीजों की जान बचाने के लिए 24 घंटे के भीतर 12 मरीजों के आपरेशन किए गए हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को 11 नए मरीज भर्ती किए गए हैं। वहीं, अभी तक 218 मरीज भर्ती किए जा चुके हैं। अर्जुनगंज निवासी 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
उधर, लोहिया संस्थान में इलाज के दौरान एक मरीज ने दम तोड़ दिया, जबकि एक मरीज भर्ती किया गया। अब तक यहां 28 मरीज भर्ती किए चुके हैं। पीजीआइ में दो नए मरीज भर्ती किए गए और दो के आपरेशन किए गए हैं। वहीं, एक मरीज की मौत हो गई। यहां कुल 44 मरीज भर्ती किए जा चुके हैं।
पांच ने तोड़ा दम, 109 नए संक्रमित: कई दिनों के बाद कोरोना का कहर कुछ कम हुआ। संक्रमितों की संख्या से लेकर मौतों के आंकड़ों में खासी कमी आई। संक्रमितों से करीब सात गुना अधिक मरीज ठीक हुए हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। 803 मरीज ठीक हुए हैं, जिसमें 750 से ज्यादा मरीज होम आइसोलेशन में ठीक हुए हैं।
दूसरी तरफ पांच मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इन मरीजों का इलाज राजधानी के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा था। कोरोना संक्रमितों की संख्या में तेजी से घट रही है। 109 लोग पॉजिटिव मिले और करीब 20 हजार लोगों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए थे। सीएमओ डॉ. संजय भटनागर के मुताबिक मरीजों की संख्या तेजी से नीचे आ रही है। राजधानी के अस्पतालों में करीब 1000 संक्रमित भर्ती हैं, जबकि सक्रिय मरीजों की संख्या 2450 पर है।