![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/01_06_2021-bl_santosh_1_21698979_222618166.jpg)
RGA news
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने यूपी मिशन-2022 को सफल बनाने को आमजन का दिल जीतने का मंत्र दिया।
उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी में मंगलवार को दूसरे दिन भी मंथन जारी रहा। राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने मिशन-2022 को सफल बनाने के लिए आमजन का दिल जीतने का मंत्र दिया
लखनऊ कोरोना महामारी और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी में मंगलवार को दूसरे दिन भी मंथन जारी रहा। राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने मिशन-2022 को सफल बनाने के लिए आमजन का दिल जीतने का मंत्र दिया। केंद्रीय महामंत्री ने दोनों उप मुख्यमंत्रियों के अलावा वरिष्ठ मंत्रियों से अलग-अलग बंद कमरे में मुलाकात कर उनके मन की सुनने साथ ही सरकार व संगठन में बेहतर समन्वय पर जोर दिया। सेवा कार्यों की निरंतरता के साथ उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर मंगलवार को सुबह आठ बजे से ही चहल-पहल रही। राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष से मिलने के लिए उप मुख्यमंत्री व वरिष्ठ मंत्रियों की आवाजाही देर शाम तक जारी रही। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा के अलावा स्वामी प्रसाद मौर्य, श्रीकांत शर्मा, अनिल राजभर, अशोक कटारिया, रमापति शास्त्री, सतीश द्विवेदी व सिद्धार्थनाथ सिंह प्रमुख रहे। बृजेश पाठक, सुरेेश खन्ना, जयप्रताप सिंह व डॉ. महेंद्र सिंह गत दिवस ही मुलाकात कर चुके थे।
सूत्रों का कहना है कि मंत्रियों से अलग-अलग मुलाकात में बीएल संतोष ने उनके मन की सुनने के साथ विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की। सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाकर आमजनता का दिल जीतने पर विशेष जोर दिया। कुछ मंत्रियों ने चंद अधिकारियों की मनमानियां बढ़ने जैसी शिकायत दर्ज करायी तो संगठन महामंत्री संतोष ने उन्हें उनके विभागीय की उपलब्धियों और कार्यकर्ताओं से तालमेल जैसे मुद्दों पर घेरा। क्षेत्रीय जनता के साथ कार्यकर्ताओं को भी संतुष्ट रखने की सलाह दी। संगठन के कार्यक्रमों में सहभागिता और कोरोना महामारी के दौरान सेवा कार्यों के बारे में भी पूछताछ की। चुनाव जीतने के लिए मंत्रियों से सुझाव मांगे और विपक्षी दलों की स्थिति पर भी मंत्रियों का मन टटोला।
नकारात्मकता को समाप्त करने में जुटें : भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री का कहना था कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के दौर में विपक्ष द्वारा फैलायी जा रही नकारात्मकता को समाप्त करने में जुटने की जरूरत है। सरकार और संगठन की छवि को बनाए रखने के प्रयास किए जाएं। उनका कहना था कि संक्रमण काल में विपक्ष केवल इंटरनेट मीडिया पर आलोचना करके वातावरण बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है, जबकि भाजपा का प्रत्येक छोटा बड़ा कार्यकर्ता पीड़ितों की मदद में जुटा है। उन्होंने सेवा ही संगठन अभियान को गति देने की बात को दोहराया। संतोष ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय व पदाधिकारियों से भी मुलाकात की।
तीसरी लहर को रोकने पर विचार : प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष ने संगठन की समीक्षा की। इस पर भी मंथन किया गया कि कोरोना की तीसरी लहर को रोकने के लिए सरकार व संगठन क्या कर सकते हैं। चुनावी तैयारी के बारे में राधामोहन का कहना था कि भाजपा बारहों महीने चुनावी तैयारी में रहती है। मौजूदा बैठक को उन्होंने नियमित बैठक का हिस्सा बताते हुए कहा कि इस बार बैठकें कुछ विलंब से हो रही है। संगठन व सरकार में बदलाव के सवाल को उन्होंने कपोल कल्पित कहा।
वर्ष 2022 में 300 से पार : उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने बीएल संतोष से मुलाकात के बाद बताया कि बैठक सकारात्मक मुद्दों पर रही। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत से फिर सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने वर्ष 2022 में 300 के पार, नारा देते हुए मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में ही चुनाव लड़े जाने की बात कही।
कोरोना से बचाव पर फोकस : उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि उनकी मुलाकात कोरोना से बचाव पर फोकस रही। कोरोना संक्रमण कैसे कम हो, और क्या अच्छे उपाय किए जाएं, जैसे मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि आम जनता को राहत देने के प्रयासों को और तेज किया जाएगाा
योगी का कोरोना प्रबंधन प्रभावशाली : कोरोना संक्रमण को रोकने में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रबंधन की भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने सराहना की और केजरीवाल पर तंज भी किया। दो दिन के लखनऊ प्रवास के दौरान उन्होंने संगठन व सरकार की सघन समीक्षा के बाद मंगलवार को देर रात संतोष ने ट््वीट किया, पांच हफ्तों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शासित उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के प्रतिदिन आने वाले नए मामलों में 93 प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी। याद रखिए यह 20 करोड़ से अधिक जनसंख्या वाला प्रदेश है। जब म्युनिसिपैलिटी सीएम डेढ़ करोड़ की आबादी वाले शहर को मैनेज नहीं कर पाए, योगी जी ने उत्तर प्रदेश को बड़े प्रभावशाली तरीके से मैनेज किया है।