![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/13_06_2021-devendrayadav_21733569.jpg)
RGA news
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ परिवर्तन यात्रा प्रारंभ की जाएगी।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने शनिवार को एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि उत्तराखंड में अगला विधानसभा चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़ा जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोविड कफ्र्यू खत्म होते ही भाजपा सरकार के खिलाफ परिवर्तन यात्रा प्रारंभ की जाएगी।
देहरादून: कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने शनिवार को एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि उत्तराखंड में अगला विधानसभा चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़ा जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोविड कफ्र्यू खत्म होते ही भाजपा सरकार के खिलाफ परिवर्तन यात्रा प्रारंभ की जाएगी। बारिश या मानसून सीजन को विरोध प्रदर्शन के लिए बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। पहले चरण में ऊधमसिंहनगर के तराई क्षेत्र खटीमा से लेकर देहरादून के विकासनगर और नैनीताल के रामनगर तक मैदानी जिलों में पार्टी परिवर्तन यात्रा निकालेगी। बरसात के बाद पर्वतीय जिलों में परिवर्तन यात्रा के कार्यक्रम तय किए जाएंगे।
प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव के दिल्ली स्थित आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह और कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता डा इंदिरा हृदयेश की दूसरे दौर की बैठक हुई। बैठक में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के रोडमैप को अंतिम रूप दिया गया। इसके जरिये ये भी स्पष्ट किया गया है कि भाजपा सरकार को कांग्रेस के तीखे हमले झेलने पड़ेंगे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति का खुलासा कर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव में किसी एक चेहरे को आगे नहीं करेगी। सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़े जाएंगे। खास बात ये है कि ये बात उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की मौजूदगी में ही स्पष्ट की। रावत चुनाव में चेहरा तय करने की पुरजोर पैरवी करते रहे हैं।
इससे पहले करीब पांच घंटे तक चली इस बैठक में प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ मुहिम तेज करने के लिए रोडमैप को अंतिम रूप दिया गया। पार्टी ने तय किया है कि कोविड कफ्र्यू खत्म होते ही प्रदेशभर में परिवर्तन यात्रा प्रारंभ की जाएगी। कांग्रेस सीधे आम जनता से जुड़कर सरकार की नीतियों का विरोध करेगी। बरसात को देखते हुए मैदानी क्षेत्रों से परिवर्तन यात्रा शुरू की जाएगी। खटीमा से यात्रा शुरू कर मानसून सीजन में ही पूरे तराई और मैदानी क्षेत्रों में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। बताया गया कि पहले चरण के इस कार्यक्रम का समापन मसूरी में होगा। प्रदेश प्रभारी के मुताबिक चुनाव संचालन समिति के बारे में जल्द निर्णय लिया जाएगा। वर्तमान में पहली प्राथमिकता पार्टी की परिवर्तन यात्रा है। पार्टी के सभी नेता एकजुट होकर इसमें शिरकत करेंगे। प्रदेश प्रभारी भी इन कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगे