![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/17_06_2021-up_bjp_2_21743861_1137520.jpg)
RGAन्यूज़
यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने में भाजपा जुट गई है।
यूपी विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजपा नेतृत्व ने दो मोर्चों पर कार्य तेज कर दिया है। एक ओर निगम आयोग बोर्ड व निकायों में तैनाती का काम शुरू हो गया है तो वहीं कोरोना पीड़ित कार्यकर्ताओं के घरों जाकर उनके दर्द को कम करने का काम किया जा रहा है।
लखनऊ, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पूर्व कार्यकर्ताओं में उत्साह और मनोबल जगाने के लिए भाजपा नेतृत्व ने दो मोर्चों पर कार्य तेज कर दिया है। एक ओर निगम, आयोग, बोर्ड व निकायों के रिक्त पदों पर तैनाती का काम शुरू हो गया है तो वहीं दूसरी ओर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह कोरोना पीड़ित कार्यकर्ताओं के घरों तक पहुंचकर उनके दर्द को कम करने के लिए संवेदनाएं जताने में जुटे हैं।
बुधवार को अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति आयोग में अध्यक्ष व उपाध्यक्षों के अलावा 12 सदस्यों को नामित करके कार्यकर्ताओं के असंतोष को खत्म करने का प्रयास किया गया है। इसी क्रम में अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग, अल्पसंख्यक व महिला आयोग आदि के अलावा विभिन्न विभागों में निगमों, बोर्डों व समितियों में भी कार्यकर्ताओं को समायोजित किया जा रहा है। पूर्व में की गई विभिन्न नियुक्तियों मेें से जिनका कार्यकाल पूरा हो चुका है, उनकी समयावधि गुण दोष के आधार पर होगी। सूत्रों का कहना है कि सरकारी पदों पर नियुक्तियों के लिए जिलों से नाम मंगाए गए है। जातीय व क्षेत्रीय समीकरणों के साथ नए-पुराने कार्यकर्ताओं का संतुलन बनाने की कोशिश की जा रही है।
छोटे-बड़े कार्यकर्ताओं का भेद खत्म : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा ने बड़े नामों के बजाए आम कार्यकर्ताओं को चुुनाव में उतारने का अनूठा प्रयोग किया। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष रहे प्रो.एसके चतुर्वेदी का कहना है कि कार्यकर्ताओं की पार्टी होने का संदेश देने में भाजपा सफल रही है। पंचायत चुनाव के बाद कोरोना संक्रमण काल में जब प्रमुख विपक्षी नेता घरों में बैठकर इंटरनेट मीडिया में सक्रियता दिखा रहे हैं, तब प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और महामंत्री संगठन सुनील बंसल का कार्यकर्ताओं के बीच जाकर उनके मन की सुनना भाजपा को अन्य दलों से अलग सिद्ध करता है। प्रो.चतुर्वेदी के मुताबिक इसका लाभ विधानसभा चुनाव में मिलना स्वाभाविक है।
मोर्चा प्रकोष्ठों का गठन भी जल्द : कार्यकर्ताओं को समायोजित करने के लिए संगठन के विभिन्न मोर्चा व प्रकोष्ठों का गठन भी जल्द किया जाएगा, जिसमें भारतीय जनता युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, जनजाति व अल्पसंख्यक मोर्चा के अलावा संगठन के विभिन्न विभागों व प्रकोष्ठों में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को समायोजित किया जाएगा।