![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/19_06_2021-vinod_pahalwan_21752203.jpg)
RGA न्यूज़
शनिवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश विनोद पहलवान।
शनिवार तड़के आगरा में हुई मुठभेड़। अलीगढ़ और राजस्थान से इनामी है बदमाश गुरुग्राम में बना रखा था ठिकाना। सिकंदरा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में बदमाश और एक सिपाही को भी लगी गोली। विनोद जाट जेल में बंद है और उसके गुर्गे बाहर गैंग ऑपरेट कर रहे हैं।
आगरा, बर्खास्त सिपाही विनाेद जाट के साथी विनाेद पहलवान से शनिवार तड़के पुलिस को सामना हो गया। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया है। मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हुआ है। पकड़ा गया बदमाश अलीगढ़ और राजस्थान से इनामी है। पूर्व में आगरा में भी विनोद जाट के साथ घटनाओं में शामिल रह चुका है।
मूलरूप से भरतपुर के पथैना निवासी विनोद पहलवान वर्तमान में गुरुग्राम में दिल्ली बार्डर पर रह रहा था। वह राजस्थान से इनामी था और अलीगढ़ से भी कई मुकदमों में वांछित था। आगरा में वह किसी घटना की फिराक में आया था। तभी पुलिस को इसकी जानकारी हो गई। शनिवार तड़के सिकंदरा क्षेत्र में पुलिस ने उसकी घेराबंदी कर ली। बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसमें एक सिपाही के हाथ में गोली लग गई। जवाबी फायरिंग में बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़ा। पुलिस ने उसे अस्पताल भेज दिया। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि विनाेद पहलवान कुख्यात विनोद जाट का साथी है। वह अपहरण की कई घटनाएं कर चुका है। विनोद जाट अभी जेल में है। गिरफ्तार बदमाश विनोद पहलवान बाहर रहकर उसका गैंग आपरेट कर रहा था। पुलिस उससे पिछले दिनों में की गई घटनाओं के बारे में पूछताछ कर रही है।