![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/19_06_2021-sonu_jaat_21752288.jpg)
RGA न्यूज़
कालिंदी विहार में युवक की हत्या करने वाला आरोपित सोनू जाट।
पुलिस ने घटना के 22 दिन बाद झाड़ियों से बरामद किया तमंचा। आरोपित सोनू जाट आठ जून को कोर्ट में समर्पण करने के बाद जेल भेजा गया था। कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को पुलिस ने सोनू जाट को रिमांड पर लिया। उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद हो गया है।
आगरा, कालिंदी विहार में युवक की हत्या करने वाले आरोपित ने तमंचा झाड़ियों में फेंक दिया था। 22 दिन बाद पुलिस ने आरोपित को कस्टडी रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की। इसके बाद तमंचा बरामद कर लिया गया।
कालिंदी विहार निवासी शिवम सिंह की 27 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में स्वजन ने आलोक यादव, चंद्रसेन, सोनू जाट, टीटू, निमेश, सिंबा नट के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया। चंद्रसेन, टीटू और सिंबा नट को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आलोक यादव संभल में पुलिस ने तमंचे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जबकि सोनू जाट आठ जून को कोर्ट में समर्पण करने के बाद जेल भेजा गया था। कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को पुलिस ने सोनू जाट को रिमांड पर लिया। कोर्ट ने उसका छह घंटे का पुलिस कस्टडी रिमांड स्वीकृत किया था। पुलिस शुक्रवार सुबह दस बजे उसे जेल से लेकर आई। थाने लाकर उससे घटना के संबंध में पूछताछ की गई। उसने पुलिस हिरासत में पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस आरोपित को कालिंदी विहार में ले गई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पानी की टंकी के पास झाड़ियों से तमंचा बरामद कर लिया। शाम छह बजे से पहले ही पुलिस ने मेडिक कराने के बाद आरोपित को जेल में दाखिल कर दिया।