![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/19_06_2021-18agcd131_21751462_61340.jpg)
RGA न्यूज़
अरावली की पहाड़ियों पर अवैध खनन, पत्थर से दबकर मजदूर की मौत
सीमा विवाद के चलते 10 घंटे हाथ पर हाथ धरे बैठी रही खेरागढ़ पुलिस पहले स्वजन को राजस्थान भेजा फिर अंतिम संस्कार से पूर्व शव को लाकर पोस्टमार्टम हाउस के लिए भिजवाया
आगरा:- अरावली की पहाड़ियों पर अवैध खनन के दौरान गिरे भारी पत्थर के नीचे दबकर मजदूर की मौत हो गई। वह पहाड़ियों के नीचे खड़ा था। तभी पत्थर उस पर आ गिरा। पुलिस ने सीमा विवाद के चलते स्वजन को राजस्थान के लिए भेज दिया। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचने पर पुलिस ने गांव में पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस इस घटना को हादसा बता रही है
खेरागढ़ के कुल्हाड़ा गांव निवासी सुरेश उर्फ पप्पू (38) मजदूरी करते थे। शुक्रवार सुबह नौ बजे अरावली पहाड़ियों पर हो रहे अवैध खनन के दौरान ब्लास्ट किया गया। इससे भारी पत्थर नीचे गिरने लगे। नीचे खड़े सुरेश पर भारी पत्थर आकर गिरा और वह बुरी तरह लहूलुहान हो गए। ग्रामीण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसडीएम संगीता राघव, सीओ जगमोहन सिंह बुटोला, इंस्पेक्टर खेरागढ़ बलवान सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। स्वजन के मुताबिक पुलिस ने मामला राजस्थान का बताकर उन्हें वहां जाने को कहा। स्वजन कार्रवाई से इन्कार करते हुए शव घर ले गए। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बाद पुलिस गांव कुल्हाड़ा पहुंची। यहां शव को अंतिम संस्कार के ले जाया जा रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इंस्पेक्टर का कहना है कि हादसे में मजदूर की मौत हुई है। स्वजन शव को राजस्थान न ले जाकर अंतिम संस्कार के लिए अपने गांव ले गए। बाद में हमने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। स्वजन में मचा कोहराम
हादसे की सूचना पर पत्नी हंसमुखी समेत स्वजन में कोहराम मच गया। सुरेश के तीन बच्चे हैं। दो बेटी 10 वर्षीय कमलेश, छह वर्षीय लक्ष्मी और बेटा आठ वर्षीय श्रीकांत है। 10 घटे तक फंसा रहा सीमा विवाद का पेच
घटना शुक्रवार सुबह नौ बजे हुई लेकिन शाम सात बजे तक यह तय नहीं हो सका कि घटनास्थल खेरागढ़ का है या राजस्थान की सीमा क्षेत्र का। शाम सात बजे बाद मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा तब पुलिस शव बरामद करने कुल्हाड़ा गांव की ओर दौड़ी। पल्ला झाड़ लेती है खेरागढ़ पुलिस
अरावली की पहाड़ियों पर लंबे समय से अवैध खनन चल रहा है। खेरागढ़ पुलिस इस मामले में कोई शिकंजा नहीं कस सकी है। शिकायत पर इसे राजस्थान का बताकर पल्ला झाड़ लिया जाता है। यही वजह है कि खनन माफिया के हौसले बुलंद हैं। प्रतिदिन अरावली की पहाड़ियां छलनी की जा रही हैं।