![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/22_06_2021-leopard_21761427.jpg)
RGA न्यूज़
आगरा के सीतानगर इलाके में तेंदुआ घुस आया है।
यमुनापार में सीतानगर क्षेत्र में आया है तेंदुआ। भीड़ ने आम के गोदाम में कर दिया बंद। रेस्क्यू टीम का हो रहा है मौके पर इंतजार। तमाशबीनों की भी बड़ी भीड़। तीन दिन पहले यमुना ब्रिज स्टेशन पर क्रिकेट खेलने गए युवाओं को भी दिखा था।
आगरा, तीन दिन पहले झाड़ियों में दिखा तेंदुआ मंगलवार को रिहायशी इलाके में पहुंच गया। घर में घुसकर एक युवक के पैर में पंजा मार दिया। इसके बाद भाग निकला। आम गोदाम में फिलहाल उसे बंद कर दिया गया है। बाहर बड़ी संख्या में बस्ती के लोग और पुलिस मौजूद हैं। वाइल्ड लाइफ की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया है। अभी टीम के पहुंचने का इंतजार हाे रहा है।
एत्माद्दौला क्षेत्र के सीता नगर में जाट वाली गली में सुबह छह बजे तेंदुआ घुस आया। यहां के सुमित के घर का मुख्य द्वार खुला था। उनके घर में घुसकर वह कमरे में बैठ गया। सुमित किसी काम से उस कमरे में गए, तभी तेंदुए ने उनके पैर पर पंजा मारकर घायल कर दिया। इसके बाद वह बस्ती की ओर भाग गया। पड़ोस में सोनू की आठ वर्षीय बेटी यशस्वी घर के बाहर बैठी थी। तेंदुआ उसकी ओर जा रहा था। तभी सोनू और उसके स्वजन ने शोर मचा दिया और बच्ची को वहां से उठा लिया। इसके बाद तेंदुआ वहां से भाग गया।
तेंदुए की दहशत से बस्ती में घरों के गेट बंद कर लोग अंदर छुप गए। पास में स्थित एक आम गोदाम में उसका मालिक सोहेल काम कर रहा था। तभी तेंदुआ गोदाम में घुस आया। उसको देखकर सोहेल दहशत में आ गया। बाहर निकलकर उसने शटर गिराकर तेंदुए काे गोदाम में ही बंद कर दिया। उसने शोर मचा दिया। आसपास के लोग पहुंच गए। वाइल्ड लाइफ की रेस्क्यू टीम और पुलिस को सूचना दे दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। मगर, अभी तक रेस्क्यू टीम नहीं पहुंची है।
तीन दिन पहले यमुना ब्रिज स्टेशन के पास झाड़ियों में कुछ बच्चों ने तेंदुआ देखा था। आशंका है कि वही तेंदुआ बस्ती में घुस आया है। सीता नगर यमुना ब्रिज के पास में ही है। मगर, बस्तियां लगी हुई हैं। आशंका है कि रात में वह सीता नगर पहुंचा होगा, इसलिए किसी की नजर नहीं पड़ी।