![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/IMG-20210611-WA0001_96.jpg)
RGA न्यूज़
धारदार हथियार से कत्ल की वारदात को पुलिस और एसओजी अब तक नहीं सुलझा सकी है।
13 महीने बाद फिर अपराधियों ने ऐसी हरकत की है कि परिवार दहशत में है। शनिवार रात बदमाशों ने दरवाजे को देर तक खटखटाया। हाथों के साथ पैर से भी धक्का दिया। फिर वे धमकाते हुए चले गए। पास के प्लांट के कर्मचारियों ने भी इस मंजर को देखा था।
प्रयागराज, जनपद के यमुनापार इलाके के मांडा में पिछले साल रात में दंपती और उनकी बेटी की धारदार हथियार से कत्ल की वारदात को पुलिस और एसओजी अब तक नहीं सुलझा सकी है। यह ऐसी मर्डर मिस्ट्री बन गई है जिसमें पुलिस का हर दांव नाकाम साबित हुआ है। कत्ल के बाद से सदमे में डूबे परिवार के लोग अब बदमाशों की हरकतों से सहमे हैं। बेटे ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
आधी रात रेत दिया था दंपती और बेटी का गला
मांडा के आंधी गांव निवासी नंदलाल यादव, उनकी पत्नी छबीला देवी और बेटी राजदुलारी पिछले साल छह मई की रात अज्ञात बदमाशों ने गला रेतकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने क्राइम ब्रांच के साथ घटनास्थल पर जाकर माथापच्ची की थी। पुलिस टीमों ने आसपास के तमाम लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मोबाइल काल डिटेल भी चेक किए लेकिन तमाम छानबीन का नतीजा अब तक नहीं निकल सका है। एसओजी सहित कुल छह टीमों को तहकीकात में लगाया था लेकिन ट्रिपल मर्डर मामले की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी। कुछ लोगों के नाम भी पुलिस को संदिग्ध के तौर पर बताए गए थे लेकिन उनकी भूमिका नहीं मिली।
इरादा क्या था आखिर रात में दरवाजा पीटने का
घटना के करीब 13 महीने बाद फिर अपराधियों ने ऐसी हरकत की है कि परिवार दहशत में है। शनिवार की रात बदमाशों ने दरवाजे को देर तक खटखटाया। हाथों के साथ ही पैर से भी धक्का दिया। फिर वे धमकाते हुए चले गए। पास के प्लांट के कर्मचारियों ने भी इस मंजर को देखा था। पुलिस को फोन किया गया लेकिन डायल 112 के सिपाही चार घंटे बाद भोर में पहुंचे और फिर वाकये के बारे में पूछकर चले गए। इस घटना के बाद पिछले साल मारे गए नंदलाल यादव के बेटे राम बहादुर यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, एसएसपी प्रयागराज, क्षेत्राधिकारी मेजा और मांडा पुलिस को पत्र भेजकर घटना की जानकारी देते हुए सुरक्षा की फरियाद की है।