

RGA न्यूज़
भाजपा ने क्षमा, जनसत्ता दल ने माधुरी को बनाया है प्रत्याशी, सपा ने अमरावती यादव को उतारा है मैदान में
प्रत्याशी के अलावा पूनम इंसान के लिए परचा लेने से सियासी सरगर्मी बढ़ गई हैं। हालांकि भाजपा इसे अपनी रणनीति का हिस्सा बता रही है। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान प्रत्याशी का कहीं परचा खारिज हो गया तो भाजपा की दावेदारी खत्म हो जाएगी।
प्रयागराज, प्रतापगढ़ जनपद में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के एक दिन पहले भाजपा प्रत्याशी क्षमा सिंह के अलावा भाजपा की जिला पंचायत सदस्य पूनम इंसान ने दो-दो सेट में परचा लिया। जबकि जनसत्ता दल की प्रत्याशी माधुरी पटेल के लिए चार सेट और सपा प्रत्याशी अमरावती यादव के लिए दो सेट में परचा पहले ही लिया जा चुका है।
तीन जुलाई को होना है चुनाव
जिला पंचायत के अध्यक्ष पद का चुनाव तीन जुलाई को है। भाजपा ने क्षमा सिंह पत्नी अभय सिंह पप्पन, जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) ने माधुरी पटेल पत्नी कुलदीप पटेल और सपा ने अमरावती यादव पत्नी सुभाष यादव को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा प्रत्याशी क्षमा सिंह और भाजपा की जिला पंचायत सदस्य पूनम इंसान के लिए दो-दो सेट में परचा शुक्रवार को लिया गया।
पूनम के भी परचा लेने से अटकलों का भी दौर शुरू
प्रत्याशी के अलावा पूनम इंसान के लिए परचा लेने से सियासी सरगर्मी बढ़ गई हैं। हालांकि भाजपा इसे अपनी रणनीति का हिस्सा बता रही है। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान प्रत्याशी का कहीं परचा खारिज हो गया तो भाजपा की दावेदारी खत्म हो जाएगी। इसीलिए भाजपा प्रत्याशी क्षमा सिंह के अलावा पूनम इंसान का भी नामांकन करा रही है। इस बारे में भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र का कहना है कि प्रत्याशी के अलावा एक और सदस्य का नामांकन कराना पार्टी की रणनीति का हिस्सा है। इसमें कोई अचरज या अटकलों की बात नहीं है।