![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/26_06_2021-manas_file_photo1_21773476.jpg)
RGA न्यूज़
रेलकर्मी के पुत्र मानस हत्याकांड में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो कई बातें सामने आई।
आरोपित बोला गोली जरूर पिस्टल छीनते समय उसके हाथ से घोड़ा दबने के कारण चल गई जिससे मानस की मौत हो गई। उसने बताया कि वह और उसके दोस्त भागे नहीं बल्कि मानस को गाड़ी से स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल भी ले गए थे।
प्रयागराज। प्रयागराज शहर में धूमनगंज थाना क्षेत्र के प्रीतम नगर स्थित अबूबकरपुर मोहल्ले में शुक्रवार देर शाम रेलकर्मी के पुत्र मानस सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने देर रात घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो इसमें पता चला कि अमित और उसका दोस्त मानस कुमार सिंह को जब घर से बुलाकर साथ ले गए तो कुछ देर बाद मानस वापस अपने घर गया था। उसके साथ दो और मजदूर भी थे। कुछ देर बाद वह फिर अमित के उस निर्माणाधीन मकान में मजदूरों के साथ सीढ़ी लेकर जाता दिखाई दिया। वह बिलकुल सामान्य था। इससे पुलिस का माथा ठनक गया और उसके जांच की दिशा भी बदल गई।
पिता ने आरोपित से थाने में पुलिस के सामने की पूछताछ
मानस के पिता शक्ति नारायण सिंह ने गिरफ्तार आरोपित सूरज निवासी मीरापट्टी से पुलिस के सामने पूछताछ की। उन्होंने सूरज से कहा कि वह उनको नहीं पहचानते। सूरज ने उनसे कहा कि वह मानस का दोस्त है। होली के त्योहार पर उनके घर आया था। इसके अलावा कई बार उनके घर जा चुका है। वह उनको अच्छी तरह पहचानता है। उसने यह भी कहा कि उसने हत्या नहीं की। हां, गोली जरूर पिस्टल छीनते समय उसके हाथ से घोड़ा दबने के कारण चल गई, जिससे मानस की मौत हो गई। उसने यह भी बताया कि वह और उसके दोस्त भागे नहीं बल्कि मानस को गाड़ी से स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल भी ले गए थे।
कुछ दिन पहले अमित ने दोस्त को बेच दिया था मकान
जिस निर्माणाधीन मकान में घटना हुई, उस मकान को कुछ दिन पहले अमित ने अपने दोस्त को बेच दिया था। हालांकि, इसकी लिखापढ़ी अभी नहीं हो सकी थी। उसके दोस्त ने कहा था कि पहले वह मकान की मरम्मत कराएगा और इसके बाद ही लिखापढ़ी, जिस पर अमित मान गया था। चूंकि इसी मकान में हमेशा अमित और उसके दोस्त एकत्र होते थे, इसलिए शुक्रवार को भी वह यहां जुटे थे।
एसपी सिटी बाेले- सभी बिंदुओं को खंगाल रही पुलिस
एसपी सिटी दिनेश सिंह का कहना है कि सूरज को गिरफ्तार कर पिस्टल बरामद कर ली गई है। हालांकि घटना को लेकर सभी बिंदुओं को खंगाला जा रहा है। मानस की किन-किन लोगों से रंजिश थी, इसका भी पता लगाया जा रहा है।