![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/27_06_2021-friend_died_21777711.jpg)
RGA न्यूज़
दादरी में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत होने से परिवारों में मातम छा गया
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। एक युवक ने दादरी के सरकारी अस्पताल में पहुंचने से पहले ही तथा दूसरे ने रोहतक पीजीआइ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
चरखी दादरी : दादरी-दिल्ली मुख्यमार्ग पर गांव समसपुर के पास निर्माणाधीन नेशनल हाइवे 152डी के समीप शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। एक युवक ने दादरी के सरकारी अस्पताल में पहुंचने से पहले ही तथा दूसरे ने रोहतक पीजीआइ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक युवक दादरी की काठमंडी व सैनीपुरा मोहल्ला के रहने वाले थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार दादरी की काठमंडी में सिंधवानी बर्फ फैक्ट्री के बैक साइड कालोनी निवासी करीब 25 वर्षीय श्याम गुरूग्राम स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था।
शनिवार रात को वह बाइक पर सवार होकर गुरूग्राम से दादरी आ रहा था। इस दौरान जब वह झज्जर के ग्वालिसन मोड़ पर पहुंचा तो उसे दादरी के सैनीपुरा मोहल्ला निवासी उसका दोस्त नवीन दिखाई दिया। जिस पर नवीन भी उसके साथ बाइक पर सवार हो गया तथा वे दोनों दादरी आने लगे। इस दौरान जब वे शनिवार रात करीब 10 बजे दादरी-दिल्ली मुख्यमार्ग पर गांव समसपुर के पास निर्माणाधीन एनएच 152डी के समीप पहुंचे तो एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए।
हादसे के बाद चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। उसी दौरान पीछे से कार में आ रहे उनके एक अन्य दोस्त कृष्ण ने उन्हें संभाला तथा उपचार के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां पर चिकित्सकों ने श्याम को मृत घोषित कर दिया। वहीं नवीन को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया। रविवार अलसुबह नवीन ने भी रोहतक पीजीआइ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी पाकर दादरी सदर थाना पुलिस अस्पताल में पहुंची। उसी दौरान मृतकों के स्वजन भी यहां पहुंच गए। मृतक श्याम के शव का पोस्टमार्टम दादरी के सरकारी अस्पताल में तथा मृतक नवीन के शव का पोस्टमार्टम रोहतक पीजीआइ में करवाया गया। पुलिस ने कृष्ण के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।