![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/27_06_2021-trees_21777031.jpg)
RGAन्यूज़
पेड़ों की चारों तरफ लगे पेवर ब्लॉक को हटाया जाएगा। (फाइल फोटो)
मोहाली निगम ने पुराने व बड़े पेड़ों को बचाने का अभियान शुरू किया है। मोहाली शहर में बड़े पेड़ों की जड़ों को पेवर ब्लॉक से ढक दिया है। इन पेवर ब्लॉक को हटाया जाएगा। पेड़ों के चारों तरफ से पेवर ब्लॉक हटाकर ब्रीथिंग के लिए जगह छोड़ी जा रही
मोहाली। पेड़ इंसान के लिए सबसे ज्यादा उपयोगी हैं। क्योंकि पेड़ हैं तभी इंसान को ऑक्सीजन मिलेगी। लेकिन अगर पेड़ो को ऑक्सीजन न मिले तो वह भी जीवित नहीं रहेंगे। इसी मकसद को ध्यान में रखते हुए मोहाली नगर निगम ने पुराने व बड़े पेड़ों को बचाने का अभियान शुरू किया है। मोहाली शहर में बड़े पेड़ों की जड़ों को पेवर ब्लॉक से ढक दिया है। अब इन पेवर ब्लॉक को हटाया जाएगा। पेड़ों के चारों तरफ से पेवर ब्लॉक हटाकर ब्रीथिंग के लिए जगह छोड़ी जा रही है।
इस अभियान को अंजाम देने के लिए निगम ने स्पेशल टीमें बनाई हैं। बीते सप्ताह ही इसको लेकर निगम की ओर काम शुरू करने की बात कही गई थी। मोहाली मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने बताया कि हॉर्टिकल्चर विंग की ओर से शहर में लगे हुए पेड़ों की नंबरिंग करने के साथ-साथ उन बड़े पेड़ों के इर्द-गिर्द लगे ट्री गार्ड भी हटाए जा रहे है, जो पेड़ों के फैलने में बाधा बनते हैं। इसके साथ ही पेवर ब्लॉक एक मीटर हटा कर उन्हें रेनोवेट किया जा रहा है ताकि सुंदर पेड़ों की श्रृंखला दिखाई दे।
इसके तहत अब 6 हजार पेड़ों के आस-पास एक मीटर तक एरिया खाली किया जा रहा है। शहर में सड़कों के किनारे फुटपाथ पर पेवर ब्लॉक लगाने का ऐसा अभियान चला कि जो पेड़ लगे थे, उनके तनों के आस-पास भी पेवर ब्लॉक लगा दिए गए। ऐसे में पानी पेड़ों की जड़ों में जाना बंद हो गया। मामला नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) पहुंचा। एनजीटी ने निर्देश जारी किए कि सभी पेड़ों के तनों के इर्द-गिर्द एक मीटर एरिया से पेवर ब्लॉक हटाकर जगह खाली की जाए ताकि बरसात में पानी जड़ों तक पहुंचे और पेड़ हवा भी ले सके।
एनजीटी की ओर से निगम को आदेश देते हुए कहा गया है कि जब भी किसी भी एरिया में पेवर ब्लॉक लगाए तो पेड़ों के आस-पास कम से कम एक मीटर तक एरिया कच्चा छोड़ा जाए। इससे पेड़ों के बड़ा होने में रुकावट नहीं रहेगी। ये भी निर्देश थे कि जहां पेवर ब्लॉक लग भी चुके हैं, वहां भी चेक किया जाए कि पेड़ों के आस-पास कच्ची जगह छोड़ी गई है या नहीं, अगर ऐसा नहीं किया गया तो तुरंत पेड़ों के आस-पास से पेवर हटाकर जगह छोड़ी जाए।