![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/29_06_2021-manju__21783225.jpg)
RGA न्यूज़
सपा जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को नाम वापसी होनी थी। भाजपा में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की कमान संभाल रहे सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सधी चाल चली और मंजू सिंह के पक्ष में दो तिहाई से अधिक सदस्यों का समर्थन जुटाकर जीत सुनिश्चित कर दी
बहराइच, जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में नया माेड़ आ गया है। कल तक मजबूती से चुनाव लड़ने का दावा करने वाली समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार नेहा अजीज ने आज नाम वापस ले लिया, जिससे भाजपा उम्मीदवार मंजू सिंह का निर्विरोध चुना जाना तय हाे गया है। इससे भाजपा समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। पार्टी कार्यालय से लेकर सांसद बृजभूषण शरण सिंह के शहर स्थित आवास एवं हरिहरपुर रैकवारी स्थित पूर्व विधायक अरुणवीर सिंह के आवास पर मिठाइयां बांट कर खुशी का इजहार किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को नाम वापसी होनी थी। भाजपा में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की कमान संभाल रहे सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सधी चाल चली और मंजू सिंह के पक्ष में दो तिहाई से अधिक सदस्यों का समर्थन जुटाकर जीत सुनिश्चित कर दी। आंतरिक गुटबाजी से पार्टी में कमजोर पड़ रहे समर्थन के चलते हार को निश्चित देख सपा उम्मीदवार नेहा अजीज ने पर्चा वापस ले लिया। इससे भाजपा उम्मीदवार की जीत का रास्ता साफ हो गया।
सपा सुप्रीमो से मिले सपाई : सपा जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव की अगुआई में सपा उम्मीदवार नेहा अजीज के पति मेराज अहमद ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुलाकात की और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर जिला पंचायत सदस्यों पर दबाव बनाने एवं खरीद-फरोख्त के बारे में अवगत कराया।
हार तय जान पीछे हटी सपा : भाजपा उम्मीदवार के निर्विरोध निर्वाचन को पार्टी जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकरीवाल ने पार्टी की समाज के हर वर्ग में बढ़ी लोकप्रियता का प्रमाण करार दिया। उन्होंने कहा कि सपा लड़ाई में नहीं थी, इसलिए करारी हार से बचने के लिए पार्टी उम्मीदवार ने पीछे हटाना उचित समझा।
भाजपा ने किया सत्ता का दुरुपयोग : सपा जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव ने आरोप लगाया कि सुरक्षा के नाम पर दिए गए गनर से पार्टी उम्मीदवार की लोकेशन प्राप्त कर भारी तादाद में पुलिस पहुंची और जबरिया उठा लाई। उन्होंने भाजपा पर सत्ता का दुरुपयोग कर जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी हथियाने का आरोप लगाया।