RGA न्यूज़
किशोरी से दुष्कर्म के दो आरोपितों पर केस दर्ज पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया है।
देर रात किशोरी अपने बयान से पलट गई। उसने कहा कि गांव के ही गुरफान और फरहान ने उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके पिता ने थाने में तहरीर दी जिस पर दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रयागराज, प्रयागराज जनपद के करछना थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्ष की किशोरी के साथ मंगलवार रात दुष्कर्म का मामला सामने आया है। देर रात दो युवकों के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की गई। एफआइआर पीड़िता के पिता की तहरीर पर दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया है। देर रात एसपी यमुनापार भी मौके पर पहुंचे और आरोपितों से पूछताछ की। साथ ही पुलिस को मामले की जांच कर साक्ष्य एकत्र करने के निर्देश दिए।
खेत में अचेत पड़ी थी किशोरी
16 वर्षीय किशोरी मंगलवार रात शौच के लिए खेत में गई थी। काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी तो स्वजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच कुछ लोगों ने बताया कि उनकी पुत्री की चीखने की आवाज सुनकर वह खेत की तरफ गए तो वहां वह अचेत पड़ी थी। स्वजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देते हुए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले गए।
पीडि़ता ने पहले पुलिस से कहा कि तीन युवकों ने दुष्कर्म की कोशिश की
सीएचसी में होश आने पर पुलिस ने उससे पूछताछ तो उसने बताया कि वह कक्षा नौ में पढ़ती है। वह शौच के लिए खेत में गई थी। उसी समय गांव के ही तीन युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की थी। उसने शोर मचाया तो गांव वाले दौड़े, जिस पर सभी वहां से भाग निकले। भय के मारे वह बेहोश हो गई। देर रात किशोरी अपने बयान से पलट गई। उसने कहा कि गांव के ही गुरफान और फरहान ने उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके पिता ने थाने में तहरीर दी, जिस पर दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी यमुनापार बोले- आरोपितों को पकड़ लिया गया है
किशोरी के साथ हुई घटना की जानकारी पाकर देर रात एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि किशोरी को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपितों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य को जल्द से जल्द एकत्र कर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की जाएगी। इसमें आरोपितों के साथ और कौन-कौन संलिप्त है, उसके बारे में भी जानकारी की जा रही है।