![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/01_07_2021-gun_shot_21788672.jpg)
RGA न्यूज़
आगरा में शादी समारोह में रिटायर्ड फौजी की पिस्टल से चली गोली
वृंदावन गार्डन में हाथरस के मुरसान से आई थी बरात तड़के अचानक पिस्टल से गोली चली। पिस्टल समेत सेवानिवृत्त फौजी को पुलिस ने लिया हिरासत में घटना के बाद बराती भाग गएसुबह विदा हुई दुल्हन।
आगरा, मैरिज होम में शादी समारोह चल रहा था। अंदर रस्में हो रही थीं और बाहर बराती खड़े थे। तभी बरात में आए एक सेवानिवृत्त फौजी की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। सामने खड़े दूल्हे के फुफेरे भाई के सीने में गोली लग गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने सेवानिवृत्त फौजी को पिस्टल के साथ हिरासत में ले लिया है।
खंदौली में मुड़ी रोड पर स्थित वृंदावन गार्डन में सादाबाद क्षेत्र के भगैना गांव निवासी पूरन सिंह की बेटी रेनू की शादी थी। मुरसान निवासी सेवानिवृत्त फौजी विक्रम अपने बेटे अचल की बरात लेकर आए थे। इसमें मुरसान निवासी सेवानिवृत्त फौजी ज्ञानेंद्र अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था। वह दुल्हन का फूफा और दूल्हे के पिता का दोस्त है। उसी ने शादी कराई थी। गुरुवार तड़के चार बजे वृंदावन गार्डन में शादी की रस्में चल रही थीं। ज्ञानेंद्र और कुछ अन्य लोग बाहर खड़े होकर बात कर रहे थे। एसओ खंदौली अरविंद निर्वाल के अनुसार, तभी ज्ञानेंद्र की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली गोवर्धन में बरौली बेस निवासी 17 वर्षीय भोगा के सीने में जा लगी। भोगा दूल्हे का फुफेरा भाई था। स्वजन घायल भोगा को अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मौके पर पहुंच गई और ज्ञानेंद्र को पिस्टल के साथ हिरासत में ले लिया। पुलिस अभी गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग चेक कर रही है। सुबह दुल्हन की विदा हो गई। दोनों पक्षों के लोग अभी थाने पर जुटे हुए हैं।