![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/01_07_2021-kalraj_mishra_21789904.jpg)
RGA न्यूज़
अशोक गहलोत बोले, कलराज मिश्र को सभी राजनीतिक दलों के नेताओं का सम्मान मिला।
कलराज मिश्र की बायोग्राफी पर आधारित काॅफी टेबल बुक कलराज मिश्र निमित्त मात्र हूं मैं का लोकार्पण बृहस्पतिवार को राजभवन में हुआ। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने कॉफी टेबल बुक का लोकॉपर्ण किया।
जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र की बायोग्राफी पर आधारित काॅफी टेबल बुक "कलराज मिश्र निमित्त मात्र हूं मैँ" का लोकार्पण बृहस्पतिवार को राजभवन में हुआ। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने कॉफी टेबल बुक का लोकॉपर्ण किया। इस मौके पर बिरला ने कहा कि मिश्र ने अपना संपूर्ण जीवन मानवता और समाज के कल्याण के लिए लगाया है। उन्होंने कहा कि मिश्र ऐसे विरले राजनेता हैं, जो विधानसभा, विधान परिषद, राज्यसभा और लोकसभा चारों सदनों के सदस्य रहे हैं। अब राज्यपाल के पद पर संवैधानिक दायित्व निभा रहे हैं। मिश्र का व्यक्तित्व युवाओं के लिए प्रेरणादायी साबित होगा।
इस मौके पर गहलोत ने कहा कि मिश्र की कार्यशैली सभी से हटकर है। लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्हें सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की ओर से सम्मान मिला है। मिश्र की सादगी उनकी सोच को दर्शाती है। डॉ. जोशी ने कहा कि मिश्र राज्य व केंद्र के बीच सेतु तथा संविधान की मूल भावना की रक्षा का काम प्रभावी तरह से कर रहे हैं। उनका जीवन अनुकरणीय है। मिश्र ने कहा कि जब पहली बार मेरे जीवन पर पुस्तक लिखने की बात आई तो मुझे लगा कि मैंने ऐसा क्या किया है, जो मेरे जीवन पर पुस्तक लिखी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वास्तव में मैं खुद को इतनी प्रशंसा और सराहना का पात्र नहीं मानता हूं। उन्होंने इस अवसर पर अपने जीवन के संस्मरण भी सुनाए। मिश्र ने कहा कि राज्यपाल की भूमिका केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय सेतु के लिए हैं। राज्यपाल कोई व्यक्ति नहीं एक संस्था है और संस्था की मर्यादा को रखते हुए संवैधानिक मूल्यों की रक्षा कैसे सुनिश्चित की जाए, यही उनकी प्रतिबद्धता है।
अशोक गहलोत का बाहर आना चर्चा में रहा
सीएम गहलोत का अपने सरकारी आवास से बाहर निकल कर राजभवन तक जाना बृहस्पतिवार को चर्चा में रहा। दरअसल, पिछले दिनों गहलोत की तरफ से एक बयान जारी किया गया था, जिसमें कहा गया था कि स्वास्थ्य कारणों से वे दो माह बाहर नहीं निकलेंगे और किसी से मुलाकात नहीं करेंगे। गहलोत इन दिनों किसी भी नेता या विधायक से मुलाकात भी नहीं कर रहे। कांग्रेसियों में चर्चा रही कि राजनीतिक नियुक्तियां व मंत्रिमंडल विस्तार को टालने के लिए गहलोत ने यह बयान जारी करवाया था। अब खुद ही अपने आवास से बाहर निकल कर राजभवन तक चले गए।