

RGA न्यूज़
शनिवार को होगा जिला पंचायत अध्यक्ष के भाग्य का फैसला
जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के घमासान में भाजपा और सपा के प्रत्याशी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। कुर्सी पर काबिज होने के दावों में भारतीय जनता पार्टी समर्थित रश्मि पटेल 41 सदस्यों के समर्थन जुटाने का दावा कर रही है।
बरेली, जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के घमासान में भाजपा और सपा के प्रत्याशी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। कुर्सी पर काबिज होने के दावों में भारतीय जनता पार्टी समर्थित रश्मि पटेल 41 सदस्यों के समर्थन जुटाने का दावा कर रही है। 20 निर्वाचित सदस्य गोवा, मुंबई और दिल्ली की सैर पर भेज भी चुकी है। वहीं समाजवादी पार्टी से समर्थित वीना गंगवार की तरफ से जिलाध्यक्ष अगम मौर्य 40 सदस्यों को अपने पाले में लाने का दावा कर रहे हैं। दावों, आंकड़ों से इतना स्पष्ट है कि वोटिंग के दौरान गेमचेंजर वहीं सदस्य साबित होंगे, जिन्हें भाजपा और सपा दोनाें अपना समझ रहे हैं। जाहिर है कि क्रास वोटिंग भी होगी।
प्रदेश स्तर पर बनते बिगड़ते समीकरणों के बीच बरेली में सियासी जंग उफान पर रहा। भाजपा और सपा के प्रत्याशियों में किसी ने नामांकन वापस नहीं लिया। इसके बाद अटकलों पर विराम लग गया है। तीन जुलाई को जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए 60 सदस्यों को मतदान करना है। जोड़तोड़ की राजनीति से बचने के लिए हाईजेक हुए सदस्य सीधे मतदान स्थल पर लाए जाएंगे। प्रशासन ने भी सुरक्षा के इंतजाम किए हैं।
क्योंकि कमरा नंबर तीन में मतदान के दौरान हंगामे की आशंका भी है। सुबह 11 बजे से भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस और निर्दलीय निर्वाचित सदस्य कलक्ट्रेट में मतदान के लिए पहुंचेंगे। भाजपा अपने हाइजेक सदस्यों के साथ बस कलक्ट्रेट आने की तैयारी में हैं। वहीं सपा समर्थित 26 सदस्य भी सुरक्षा के साथ ही कलक्ट्रेट लाए जाएंगे। यूं तो तीन बजे तक मतदान और मतगणना निपट जानी चाहिए। लेकिन खींचतान वाले इस चुनाव में हंगामा होने की आशंका है।