प्रतापगढ़ में जिपं अध्‍यक्ष की भाजपा प्रत्याशी का धरना समाप्‍त, हंगामे की आशंका

harshita's picture

RGA न्यूज़

प्रतापगढ़ में जेठवारा पुलिस द्वारा काफिला रोकने से जिपंअ की भाजपा प्रत्‍याशी क्षमा सिंह धरने पर बैठ गईं।

 भाजपा प्रत्‍याशी क्षमा सिंह ने आरोप लगाया कि उनके काफिले को रोक कर बेवजह जांच के नाम पर पुलिस ने परेशान किया। आक्रोशित होकर समर्थकों समेत वे धरने पर बैठ गईं। भाजपा नेताओं के समझाने पर वे मानीं। हालांकि एसओ के खिलाफ कार्रवाई पर अड़ी हैं।

प्रयागराज, एसओ जेठवारा के रोकने पर प्रतापगढ़ के बढ़नी मोड़ पर भाजपा की जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी क्षमा सिंह और उनके पति पप्पन सिंह धरने पर बैठ गए थे। जेठवारा पुलिस द्वारा काफिले को रोकने से नाराज क्षमा सिंह के साथ उनके समर्थक भी धरने पर बैठे रहे। करीब साढ़े 12 बजे भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र व पूर्व जिलाध्यक्ष गणेश नारायण मिश्र धरना स्थल पर पहुंचे और उन्हें किसी तरह शांत किया।

अफीम कोठी पर हंगामे की आशंका से प्रशासनिक अधिकारी तनाव में

दोनों नेताओं के कहने पर धरने पर बैठीं क्षमा सिंह वहां से उठकर मतदान स्थल अफीम कोठी के लिए चल तो दीं, लेकिन उनका कहना था कि जेठवारा एसओ रवींद्र त्रिपाठी के खिलाफ कार्रवाई होने पर ही वह मतदान करेंगी। लेकिन भाजपा कार्यकर्ता मतदान स्थल पर हंगामे की तैयारी में हैं। इसे लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी काफी तनाव में हैं। हंगामा बढ़ सकता है।

समर्थकों सहित धरने पर बैठ गई थीं क्षमा सिंह

यूपी के प्रतापगढ़ में जिला पंचायत अध्‍यक्ष पद की भाजपा प्रत्याशी क्षमा सिंह और उनके पति पप्पन सिंह धरने पर बैठ गए। जेठवारा पुलिस द्वारा काफिले को रोकने पर भाजपा प्रत्याशी बिफर पड़ीं। जब वे धरने पर बैठीं तो काफी संख्‍या में उनके समर्थक भी सड़क पर बैठ गए और पुलिस पर बेवजह परेशान करने का आरोप लगाया।

भाजपा प्रत्‍याशी ने पुलिस पर ये आरोप लगाए

भाजपा प्रत्‍याशी क्षमा सिंह ने आरोप लगाया कि जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के नेताओं की 70 गाड़ियों के काफिले को बगैर चेक किए ही आगे बढ़ने दिया। वहीं उनके काफिले को रोक कर बेवजह जांच के नाम पर परेशान किया गया। भाजपा प्रत्याशी के धरने पर बैठ जाने के बाद से भाजपा नेताओं में आक्रोश बढ़ गया है। सूचना पर  पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी वहां पहुंचे। अधिकारी इस प्रकरण को सुलझाने की कोशिश में लगे रहे।

अफीम कोठी में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान

प्रतापगढ़ में जिला पंचायत अध्यक्ष पद की महिला आरक्षित सीट के लिए हो रहे मतदान के लिए अफीम कोठी में सारी व्यवस्था पूरी है। 57 जिला पंचायत सदस्यों वाली इस सीट के लिए भाजपा से क्षमा सिंह, सपा से अमरावती यादव और जनसत्ता लोकतांत्रिक से माधुरी पटेल प्रत्याशी हैं।

जिपंअ पद के लिए शाम को परिणाम आने की उम्‍म

जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डाक्‍टर नितिन बंसल ने सुबह 10 बजे अफीम कोठी का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। ठीक 11 बजे से मतदान शुरू होकर अपराह्न तीन बजे तक मतदान का समय पूरा हो जाएगा। इसके बाद मतों की गणना शुरू हो जाएगी, शाम पांच बजे तक परिणाम आने की संभावना जताई जा रही है।

सपा की अमरावती यादव सबसे पहले मतदान को पहुंचीं

जिला पंचायत अध्यक्ष पद की सपा प्रत्याशी अमरावती यादव सबसे पहले मतदान के लिए पहुंची। उनके साथ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद मौर्या की पत्नी पुष्पलता मौर्या भी मतदान करने पहुंचीं।

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.